इंग्लैंड की फ्रेंचाइजी लीग द हंड्रेड (The Hundred) 2026 के ऑक्शन में 12 मार्च (गुरुवार) को एक दिलचस्प और ऐतिहासिक मोड़ देखने को मिला. पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को सनराइजर्स लीड्स (SunRisers Leeds) ने 1.90 लाख पाउंड (लगभग 2.34 करोड़ रुपये) में अपनी टीम से जोड़ा. सनराइजर्स लीड्स का मालिकाना हक सन ग्रुप के पास है, जिसका नेतृत्व उद्योगपति कलानिधि मारन करते हैं. ऑक्शन टेबल पर सनराइजर्स की सीईओ काव्या मारन और हेड कोच डेनियल विटोरी मौजूद थे.
बता दें कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का भी मालिकाना हक सन ग्रुप के पास ही है. लंदन के पिकैडिली लाइट्स में हुए ऑक्शन में सनराइजर्स लीड्स ने ट्रेंट रॉकेट्स को पछाड़ते हुए अबरार अहमद को अपने साथ जोड़ा. टीम की कप्तानी इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक करेंगे.
ऐसा कई सालों बाद हुआ है कि इंडियन प्रीमियर लीग से संबंध रखने वाली किसी फ्रेंचाइजी ने पाकिस्तानी खिलाड़ी को अपने साथ जोड़ा है. दरअसल, 2008 के बाद से पाकिस्तानी खिलाड़ियों कोआईपीएल में खेलने की अनुमति नहीं है. यही अनौपचारिक नियम अन्य टी20 लीग्स जैसे SA20 (साउथ अफ्रीका20) और ILT20 (इंटरनेशनल टी20) में भी देखने को मिला, जहां आईपीएल मालिकों की टीमों ने कभी पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नहीं खरीदा. लेकिन इस बार सनराइजर्स लीड्स ने अबरार अहमद को खरीदकर इस धारणा को तोड़ दिया है.
ऑक्शन से पहले खबरें आई थीं कि आईपीएल ऑनर्स वाली चार टीमों में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नहीं लिया जाएगा. इसके बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने सख्त चेतावनी दी कि खिलाड़ियों का चयन सिर्फ मेरिट के आधार पर होना चाहिए क्योंकि ब्रिटेन में भेदभाव विरोधी कानून बेहद कड़े हैं. सनराइजर्स लीड्स द्वारा अबरार अहमद की खरीद को इस फैसले के बाद एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है.
उस्मान तारिक पर भी लगी सफल बोली
द हंड्रेड 2026 ऑक्शन में कुल 14 पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था. ऑक्शन से ठीक पहले पाकिस्तान की वनडे टीम के कप्तान शाहीन आफरीदी ने अपना नाम वापस ले लिया. उधर मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक को बर्मिंघम फोनिक्स (Birmingham Phoenix) ने 1.40 लाख पाउंड (लगभग 1.72 करोड़ रुपये) में खरीदा. वहीं हारिस रऊफ और सैम अयूब जैसे खिलाड़ी पहले राउंड में अनसोल्ड रहे.
2022 में पाकिस्तान के लिए डेब्यू करने वाले अबरार अहमद को शुरुआत में टेस्ट स्पेशलिस्ट माना जाता था. लेकिन 2024 में टी20 इंटरनेशनल डेब्यू के बाद से वो इस फॉर्मेट में भी छा चुके हैं. अब तक उन्होंने 38 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 52 विकेट लिए हैं. उनका औसत 17.36 और इकॉनमी 6.67 रहा है. आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान उन्होंने चार मैचों छह विकेट लिए थे.
aajtak.in