'विनोद कांबली को देखो...', वैभव सूर्यवंशी को कपिल देव की चेतावनी, बोले- 3 साल बाद करेंगे बात

15 साल के वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार बल्लेबाजी ने क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है, लेकिन दिग्गज कपिल देव ने उन्हें जल्दबाजी में स्टार मानने से बचने की सलाह दी है. 1983 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान ने विनोद कांबली का उदाहरण देते हुए कहा कि टैलेंट के बावजूद कई खिलाड़ी आगे चलकर गुमनाम हो गए.

Advertisement
वैभव सूर्यवंशी और व‍िनोद कांबली (Photo: PTI) वैभव सूर्यवंशी और व‍िनोद कांबली (Photo: PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली ,
  • 09 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 3:16 PM IST

वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल की उम्र में अपनी बल्लेबाजी से खूब सुर्खियां बटोरी हैं. IPL से लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट तक उनका प्रदर्शन चर्चा में है. लेकिन पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव का मानना है कि सिर्फ टैलेंट के दम पर लंबा करियर नहीं बनाया जा सकता. उन्होंने वैभव को आगाह करते हुए पूर्व भारतीय बल्लेबाज विनोद कांबली का उदाहरण दिया है.

Advertisement

1983 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव ने टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) से बातचीत में कहा कि वैभव की प्रतिभा पर कोई सवाल नहीं है, लेकिन क्रिकेट इतिहास ऐसे खिलाड़ियों से भरा पड़ा है, जिनमें जबरदस्त क्षमता थी और इसके बावजूद वे आगे चलकर अपनी पहचान बरकरार नहीं रख सके.

कपिल देव ने कहा- अभी बहुत जल्दी है. क्या उसमें क्षमता है? हां. लेकिन क्रिकेट में ऐसे बहुत से खिलाड़ी आए, जिनमें काफी टैलेंट था, फिर वे गुमनामी में खो गए.उन्होंने आगे कहा- विनोद कांबली को देखो. उनके बारे में हम क्या कहेंगे? 

कांबली को सचिन तेंदुलकर के बचपन के दोस्त और भारतीय क्रिकेट के प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में गिना जाता था. उनका टेस्ट एवरेज 54.20 रहा था और शुरुआती करियर में उन्होंने लगातार दो दोहरे शतक भी लगाए थे. हालांकि, मैदान के बाहर की चुनौतियों और शुरुआती प्रदर्शन की लय बरकरार नहीं रख पाने के चलते उनका इंटरनेशनल करियर उम्मीद के मुताबिक आगे नहीं बढ़ सका.

Advertisement

'लाइफस्टाइल बदलेगा तो सोच भी बदलेगी'
कपिल देव ने वैभव के फ्यूचर पर बात करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में मिली शोहरत के बीच युवा खिलाड़ी खुद को कैसे संभालता है, यह ज्यादा अहम है. उनके मुताबिक, उम्र बढ़ने और लाइफस्टाइल में बदलाव के साथ सोच भी बदल सकती है. पूर्व कप्तान ने कहा- वैभव 15 साल का है. उसे तीन साल और दीजिए, फिर हम बात करेंगे.

उन्होंने आगे कहा-जब उसकी लाइफस्टाइल बदलेगी, तो उसकी सोच भी बदलेगी. तब हमें पता चलेगा कि अगले दो साल में वह कैसा रहता है. उसके प्रदर्शन को देखने से ज्यादा यह बात अहम है.

IPL से टीम इंडिया तक वैभव का धमाका
वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2025 में अपने प्रदर्शन से पहली बार बड़े स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं. इसके बाद उन्होंने 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन किया. IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के इस बल्लेबाज ने 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की.

इसके बाद वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ T20I सीरीज में भारत के लिए डेब्यू किया और जिम्बाब्वे के खिलाफ T20I सीरीज में 151 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीता.

वह 2026 एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहे, जहां श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने निशिन में पाकिस्तान को हराकर अपना गोल्ड मेडल बरकरार रखा. फिलहाल वैभव वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी T20I सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल हैं.

Advertisement

वैभव के T20I करियर की बात करें तो उन्होंने 8 मैचों में 30.75 की औसत और 186.36 के स्ट्राइक रेट से 246 रन बनाए हैं. उनके नाम दो अर्धशतक भी हैं.

कपिल देव की सलाह साफ है- वैभव की प्रतिभा पर किसी को शक नहीं, लेकिन इस युवा बल्लेबाज के करियर की असली परीक्षा आने वाले सालों में होगी, जब उन्हें प्रदर्शन के साथ बढ़ती शोहरत और बदलती जीवनशैली के बीच बैलेंस बनाना होगा.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »