टीम इंडिया को हराने वाले आयरलैंड में जोनाथन ट्रॉट की एंट्री, अफगान‍िस्तान सीरीज के लिए म‍िली बड़ी ज‍िम्मेदारी

जोनाथन ट्रॉट आयरलैंड क्रिकेट टीम के साथ 14 दिन के कंसल्टेंट कोच के रूप में जुड़ गए हैं. वह अफगानिस्तान के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में टीम की मदद करेंगे. ट्रॉट का अनुभव 2027 वर्ल्ड कप क्वालिफायर की तैयारी में अहम माना जा रहा है. इसी बीच इंग्लैंड के टेस्ट कोच बनने की अटकलें भी तेज हैं.

Advertisement
जोनाथन ट्रॉट को इंग्लैंड क्रिकेट में मिली नई ज‍िम्मेदारी (Photo: Getty) जोनाथन ट्रॉट को इंग्लैंड क्रिकेट में मिली नई ज‍िम्मेदारी (Photo: Getty)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • डबल‍िन ,
  • 15 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 3:59 PM IST

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को दुनिया की मजबूत टीमों में शामिल कराने में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व इंग्लैंड बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट को नई जिम्मेदारी मिली है. ट्रॉट अब आयरलैंड क्रिकेट टीम के कोचिंग सेटअप का हिस्सा बन गए हैं. खास बात यह है कि यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब इंग्लैंड टेस्ट टीम के अगले हेड कोच के तौर पर भी उनका नाम चर्चा में बना हुआ है.

Advertisement

आयरलैंड क्रिकेट बोर्ड ने पुष्टि की है कि ट्रॉट 14 दिनों के लिए टीम के साथ कंसल्टेंट की भूमिका निभाएंगे. इस दौरान वह अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में टीम की तैयारी में मदद करेंगे. यह सीरीज 5 अगस्त से शुरू होगी.

आयरलैंड के परफॉर्मेंस डायरेक्टर ग्रेम वेस्ट ने कहा कि अफगानिस्तान के खिलाफ यह वनडे सीरीज टीम के लिए बेहद अहम है, क्योंकि इसी के जरिए 2027 आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालिफायर की तैयारी को मजबूत किया जाएगा.

वेस्ट के मुताबिक, ट्रॉट को अफगानिस्तान क्रिकेट की कार्यशैली और खिलाड़ियों की अच्छी समझ है. ऐसे में उनका अनुभव आयरलैंड के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ दोनों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा. साथ ही वह 50 ओवर के क्रिकेट में रणनीतिक तैयारी को भी बेहतर बनाने में मदद करेंगे.

Advertisement

अफगानिस्तान के साथ शानदार रहा है ट्रॉट का सफर
जोनाथन ट्रॉट इससे पहले अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के हेड कोच रह चुके हैं. उनके कोच‍िंग कार्यकाल में अफगानिस्तान ने कई मजबूत टीमों को चुनौती दी और आईसीसी टूर्नामेंटों में शानदार प्रदर्शन किया. इसी वजह से उन्हें आधुनिक अफगानिस्तान क्रिकेट की सफलता के प्रमुख चेहरों में गिना जाता है.

यह भी पढ़ें: Jonathan Trott Story: कहानी उस 'एक्सीडेंटल' अंग्रेज कोच की, ज‍िसने अफगान‍िस्तान को बनाया फाइटर टीम, अब हुई भावुक व‍िदाई

अब वही अनुभव आयरलैंड अपने खिलाड़ियों के बीच उतारना चाहता है, खासकर ऐसे समय जब टीम विश्व कप क्वालिफायर की तैयारी में जुटी हुई है.

इंग्लैंड टेस्ट टीम के कोच बनने की भी चर्चा
ट्रॉट की यह नई भूमिका ऐसे समय आई है, जब इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) नए टेस्ट हेड कोच की तलाश में जुटा है. हाल ही में ब्रेंडन मैकुलम को टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद से हटाया गया, हालांकि वह इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीमों के साथ जुड़े रहेंगे.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रॉट का नाम ECB की शॉर्टलिस्ट में शामिल है. उनके अलावा पूर्व इंग्लैंड कोच एंडी फ्लावर भी इस रेस के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं.

टीम इंडिया पर ऐतिहासिक जीत के बाद बढ़ा आयरलैंड का आत्मविश्वास
आयरलैंड की टीम हाल ही में भारत के खिलाफ अपनी पहली टी20 इंटरनेशनल सीरीज जीतकर एक्साइटेड है. नए हेड कोच गैरी विल्सन, जिन्होंने हाल ही में हाइनरिख मलान की जगह संभाली है, अब अपने नए कोचिंग ग्रुप के साथ टीम को अगले स्तर पर ले जाने की तैयारी में हैं.

Advertisement

जोनाथन ट्रॉट न सिर्फ खिलाड़ियों को तकनीकी और रणनीतिक सलाह देंगे, बल्कि अपने नेतृत्व के अनुभव भी साझा करेंगे. माना जा रहा है कि उनकी मौजूदगी से अफगानिस्तान सीरीज और 2027 वर्ल्ड कप क्वालिफायर की तैयारियों में आयरलैंड को बड़ा फायदा मिलेगा.


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »