इंग्लैंड ने पाकिस्तान को मैनचेस्टर में खेले गए पहले टेस्ट मैच में 3 विकेट से मात दे दी. इसी के साथ ही मेजबान टीम ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. दूसरा टेस्ट मैच 13 अगस्त से साउथेम्प्टन में खेला जाएगा. इंग्लैंड के लिए जोस बटलर ने दूसरी पारी में 75 और क्रिस वोक्स ने नाबाद 84 रन बनाए. जोस बटलर और क्रिस वोक्स के बीच छठे विकेट के लिए 139 रनों की साझेदारी हुई. ये साझेदारी मैच विनिंग साबित हुई. क्रिस वोक्स को 'मैन ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला.
इस रोमांचक मुकाबले में बटलर और वोक्स ने उस समय मोर्चा संभाला जब टीम 117 रन पर पांचवां विकेट गंवा कर मुश्किल में फंस गई थी. दोनों ने क्रीज पर आते ही बेखौफ होकर पाकिस्तान के गेंदबाजों के दबदबे को खत्म किया. इस साझेदारी को अनुभवी लेग स्पिनर यासिर शाह ने बटलर को आउट कर तोड़ा. बटलर ने 101 गेंद की पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया.
जब बटलर आउट हुए तो इंग्लैंड को जीत के लिए 21 रन और चाहिए थे. बटलर के आउट होने के बाद भी वोक्स एक छोर पर डटे रहे और उन्होंने शाहीन शाह आफरीदी की गेंद पर चौका लगा टीम को शानदार जीत दिला दी. उन्होंने 120 गेंद की पारी में 10 चौके लगाए.
पाकिस्तान के लिए अनुभवी लेग स्पिनर यासिर शाह ने 99 रन देकर चार विकेट लिए. उन्होंने पहली पारी में भी चार विकेट लिए थे. ओल्ड ट्रैफड मैदान पर पाकिस्तान की दूसरी पारी को 169 रन पर समेट कर इंग्लैंड ने अच्छी वापसी की थी. इससे पहले चौथे दिन शनिवार को पाकिस्तान की दूसरी पारी 169 रनों पर सिमट गई. इंग्लैंड को जीत के लिए मैच की चौथी पारी में 277 रनों का मुश्किल लक्ष्य मिला. शानदार लय में चल रहे स्टुअर्ट ब्रॉड ने दूसरी पारी में तीन चटकाए.
मैनचेस्टर टेस्ट के चौथे दिन पाकिस्तान अपनी दूसरी पारी में शुक्रवार के अपने स्कोर 8 विकेट पर 137 रनों से आगे खेलना शुरू किया. पुछल्ले बल्लेबाज यासिर शाह ने थोड़ी तेजी दिखाई और स्कोर को 158 तक ले गए. इसी स्कोर पर पाकिस्तान का 9वां विकेट गिरा.
शाह ने 24 गेंदों में 33 रन (5 चौके, 1 छक्का) बनाए. उन्हें ब्रॉड ने जोस बटलर के हाथों विकेट के पीछे लपकवाया. आखिरी विकेट नसीम शाह (4) का गिरा, जिन्हें जोफ्रा आर्चर ने बोल्ड किया. मोहम्मद अब्बास (3) नॉट आउट रहे.
इंग्लैंड की ओर से स्टुअर्ट ब्रॉड ने 37 रन देकर 3 विकेट निकाले. बेन स्टोक्स और क्रिस वोक्स को 2-2 सफलताएं मिलीं, जबकि जोफ्रा आर्चर और डोम बेस को एक-एक विकेट मिला.
पाकिस्तान के पहली पारी के 326 रनों के जवाब में इंग्लैंड की टीम 219 रनों पर आउट हो गई थी, जिससे मेहमान टीम को पहली पारी में 107 रनों की बढ़त मिल गई.
aajtak.in