IRE vs IND 1st T20I: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी से डरा आयरलैंड! बनाया ये स्पेशल प्लान

वैभव सूर्यवंशी आयरलैंड दौरे पर टी20 इंटरनेशनल डेब्यू के लिए तैयार हैं. उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी को देखते हुए आयरलैंड के युवा स्पिनर मैथ्यू हम्फ्रीज ने कहा है कि टीम ने उनके खिलाफ खास रिसर्च की है. IPL 2026 और हालिया वनडे ट्राई सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव पर सभी की नजरें टिकी हैं.

Advertisement
भारत के नए सनसनीखेज बल्लेबाज पर आयरलैंड की नजर, स्पिनर ने खोला रणनीति का राज (Photo: ITG) भारत के नए सनसनीखेज बल्लेबाज पर आयरलैंड की नजर, स्पिनर ने खोला रणनीति का राज (Photo: ITG)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • बेलफास्ट ,
  • 25 जून 2026,
  • अपडेटेड 5:04 PM IST

'बेबी बॉस' वैभव सूर्यवंशी आयरलैंड दौरे पर अपने टी20 इंटरनेशनल करियर की शुरुआत करने के लिए तैयार हैं. 26 जून को होने वाले इस मुकाबले पर क्रिकेट जगत की नजरें टिकी हैं क्योंकि वैभव भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल होने जा रहे हैं.

IPL 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले वैभव ने दुनिया के कई नामी गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक अंदाज दिखाया था. यही वजह है कि उनके खिलाफ रणनीति बनाना आयरलैंड के गेंदबाजों की प्राथमिकता बन चुका है.

Advertisement

आयरलैंड के 23 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर मैथ्यू हम्फ्रीज ने माना कि वैभव मौजूदा समय में दुनिया के सबसे खतरनाक युवा बल्लेबाजों में से एक हैं. हालांकि उनका मानना है कि सही रिसर्च और क्ल‍ियर प्लान‍िंग के जरिए उन्हें चुनौती दी जा सकती है.

हम्फ्रीज ने कहा- टी20 क्रिकेट में गेंदबाज पहले से जानते हैं कि उन्हें छक्के पड़ सकते हैं, इसलिए दबाव अपेक्षाकृत कम होता है. सूर्यवंशी ने खुद को टॉप ऑर्डर के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में शामिल कर लिया है और IPL में बड़े-बड़े गेंदबाजों को छक्के लगाए हैं. ऐसे खिलाड़ी के खिलाफ जरूरी है कि आप उसकी बल्लेबाजी पर र‍िसर्च करें और उसके लिए स्पष्ट प्लान‍िंग बनाएं.

शानदार फॉर्म में हैं वैभव
वैभव सूर्यवंशी इस दौरे पर जबरदस्त आत्मविश्वास के साथ पहुंचे हैं. उन्होंने हाल ही में श्रीलंका ए के खिलाफ वनडे ट्राई सीरीज के फाइनल में इतिहास रच दिया था. उन्होंने सिर्फ 11 गेंद में शतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया. फाइनल में उन्होंने 29 गेंदों पर 94 रन की विस्फोटक पारी खेली थी. यह पारी ऐसे समय आई जब टूर्नामेंट के दौरान श्रीलंका ए के खिलाड़ी विशेन हलाम्बागे के साथ उनकी तीखी बहस भी चर्चा में रही थी. इस शानदार प्रदर्शन ने साबित कर दिया कि वैभव केवल प्रतिभाशाली खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि बड़े मंच पर मैच का रुख बदलने की क्षमता भी रखते हैं.

Advertisement

क्या स्पिन होगी वैभव की कमजोरी?
आधुनिक टी20 क्रिकेट में बाएं हाथ के स्पिनर और बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज का मुकाबला हमेशा दिलचस्प माना जाता है. हालांकि मैच-अप के हिसाब से वैभव ऐसे स्पिनरों के खिलाफ बड़े शॉट खेलने की क्षमता रखते हैं.

फिर भी ट्राई सीरीज में उनकी कुछ कमजोरियां सामने आई थीं. उन्हें ऑफ स्पिन और गति में बदलाव वाली शॉर्ट गेंदों पर आउट किया गया था. ऐसे में आयरलैंड के गेंदबाज इन्हीं एर‍िया को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं.

हम्फ्रीज के आंकड़े भी दमदार
23 वर्षीय मैथ्यू हम्फ्रीज ने अब तक आयरलैंड के लिए 18 टी20 इंटरनेानल मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 25 विकेट लिए हैं. उनका गेंदबाजी एवरेज 18.56 का है, जबकि इकोनॉमी रेट सात रन प्रति ओवर से भी कम है. टी20 क्रिकेट में यह प्रदर्शन उन्हें आयरलैंड के सबसे भरोसेमंद युवा स्पिनरों में शामिल करता है.

चोटों से जूझ रही है आयरलैंड टीम
भारत के खिलाफ सीरीज में आयरलैंड अपेक्षाकृत अनुभवहीन टीम के साथ उतर रही है. टीम में कई युवा खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है. रूबेन विल्सन, जय मूंदरा, मैट हॉलार्ड और गेविन होए अभी तक टी20 इंटरनेशनल डेब्यू नहीं कर पाए हैं और इस सीरीज में उनके खेलने की संभावना है. टीम की कमान लोर्कन टकर के हाथों में होगी, जिन्होंने अब तक सिर्फ दो टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी की है.

Advertisement

आयरलैंड को इस सीरीज में अपने कई प्रमुख खिलाड़ियों की कमी भी खलेगी. नियमित कप्तान पॉल स्टर्लिंग, जोश लिटिल, मार्क अडायर, कर्टिस कैम्फर, बैरी मैकार्थी और जॉर्डन नील चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं.

ऐसे में पूरी टीम की नजर भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को रोकने पर होगी. वहीं भारतीय फैन्स उम्मीद करेंगे कि यह युवा स्टार अपने पहले ही टी20 इंटरनेशनल  मैच में वही धमाकेदार अंदाज दिखाए, जिसने IPL और घरेलू क्रिकेट में उसे सुर्खियों का केंद्र बना दिया है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »