पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने IPL में शानदार गेंदबाजी के बाद भुवनेश्वर कुमार की जमकर तारीफ की है. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से भुवनेश्वर ने 4 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट झटके. हालांकि, उनकी इस शानदार गेंदबाजी के बावजूद आरसीबी को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा.
“36 की उम्र में भी वही धार”
मोहम्मद कैफ ने कहा कि 36 साल की उम्र में भी भुवनेश्वर कुमार के पास दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाजों को परेशान करने की क्षमता है और वे अब भी टीम इंडिया में वापसी कर सकते हैं. कैफ ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि जब भुवनेश्वर सिर्फ 17 साल के थे, तब उन्होंने उनकी स्विंग और कंट्रोल देखकर उन्हें रणजी ट्रॉफी में मौका दिलाया था. उस मैच में भुवनेश्वर ने महान सचिन तेंदुलकर को शून्य पर आउट कर दिया था.
क्या बोले मोहम्मद कैफ
कैफ ने कहा, ऐसे पल होते हैं जब इंसान भावुक हो जाता है. आज भुवी को शानदार गेंदबाजी करते देख पुराने दिन याद आ गए. 17 साल की उम्र में ही उनके पास जबरदस्त कंट्रोल और स्विंग थी. अब 36 की उम्र में भी वही धार है. टीम इंडिया में वापसी? क्यों नहीं, उनमें अभी भी दम है.
IPL में रचा इतिहास
भुवनेश्वर कुमार ने हाल ही में IPL में 200 विकेट पूरे कर इतिहास रच दिया है. वह ऐसा करने वाले पहले तेज गेंदबाज बने और कुल मिलाकर दूसरे खिलाड़ी हैं, उनसे पहले यह उपलब्धि युजवेंद्र चहल हासिल कर चुके हैं.
यह भी पढ़ें: RCB vs DC, IPL 2026 Highlights: रोमांचक मुकाबले में दिल्ली ने आरसीबी को 6 विकेट से हराया, स्टब्स-राहुल ने जड़ी फिफ्टी
गौरतलब है कि भुवनेश्वर ने आखिरी बार 2022 में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ T20 सीरीज में भारत के लिए खेला था.
बेंगलुरु में शानदार स्पेल
मैच की शुरुआत से ही भुवनेश्वर कुमार ने कमाल की गेंदबाजी की. उन्होंने नई गेंद से दोनों तरफ स्विंग कराते हुए बल्लेबाजों को परेशान किया. उन्होंने सबसे पहले Pathum Nissanka को LBW आउट किया, जो उनकी बेहतरीन सीम मूवमेंट का शानदार उदाहरण था.
इसके बाद उन्होंने मिडिल ऑर्डर को झटका देते हुए करुण नायर और समीर रिजवी को आउट किया. उस समय दिल्ली की टीम दबाव में आ गई थी और भुवनेश्वर लगभग अजेय नजर आ रहे थे.
दूसरे स्पेल में भी उन्होंने शानदार अनुशासन बनाए रखा. उनकी लाइन-लेंथ इतनी सटीक थी कि बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना पाए.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क