धोनी की वापसी का इंतजार फिर अधूरा, आखिरी होम गेम में भी नहीं उतरे Thala, कप्तान ऋतुराज ने दिया बड़ा अपडेट

महेंद्र सिंह धोनी को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के लिए भी प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली. धोनी को लेकर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने अपडेट शेयर किया.

Advertisement
धोनी अब भी पूरी तरह फिट नहीं... (PTI: Photo) धोनी अब भी पूरी तरह फिट नहीं... (PTI: Photo)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • चेन्नई,
  • 18 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:12 PM IST

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फैन्स को उम्मीद थी कि महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में पहली बार मैदान पर उतरेंगे, लेकिन सोमवार (18 मई) को मुकाबला शुरू होने से ठीक पहले लाखों प्रशंसकों को बड़ा झटका लगा. चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस पर साफ कर दिया कि धोनी अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और इसी वजह से वह सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मुकाबले में नहीं खेलेंगे.

Advertisement

यह सीएसके का लीग स्टेज का आखिरी होम मैच था, ऐसे में चेन्नई का माहौल पूरी तरह भावुक हो गया. महेंद्र सिंह धोनी इस आईपीएल सीजन में अब तक एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए हैं.

सीजन शुरू होने से पहले उन्हें पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव (काफ स्ट्रेन) हुआ था, जिसके कारण शुरुआत में कहा गया कि वह कुछ शुरुआती मैच मिस करेंगे, लेकिन चोट लगातार गंभीर होती गई और अब रिपोर्ट्स के मुताबिक सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से पहले उन्हें एक नई चोट भी लगी. इसी वजह से सीएसके मैनेजमेंट ने कोई जोखिम नहीं लेने का फैसला किया.

टॉस के दौरान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा, 'एमएस यहां हैं, लेकिन वह इस मैच के लिए फिट नहीं हैं.' उन्होंने यह भी बताया कि चेपॉक की पिच बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं दिख रही और टीम पहले बल्लेबाजी कर बड़ा स्कोर बनाना चाहती है.

Advertisement

धोनी के नहीं खेलने की खबर सामने आते ही चेपॉक स्टेडियम में मायूसी साफ दिखाई दी. हजारों फैन्स सिर्फ माही को मैदान पर देखने के लिए पहुंचे थे. सोशल मीडिया पर भी #Dhoni ट्रेंड करने लगा और फैन्स लगातार सवाल पूछते नजर आए. धोनी की गैरमौजूदगी ने एक बार फिर उनके रिटायरमेंट की अटकलों को हवा दे दी है.

खासतौर पर उनका 2021 का वह बयान फिर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था, 'मेरा आखिरी T20 चेन्नई में होगा.' अब जब CSK अपना आखिरी होम मैच खेलने उतरी और धोनी मैदान पर नहीं उतरे, तो फैन्स भावुक हो गए.

हालांकि धोनी प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं है, लेकिन वह टीम के साथ स्टेडियम पहुंचे. सीएसके ने फैन्स से मैच के बाद स्टेडियम में रुकने की अपील भी की क्योंकि टीम ‘लैप ऑफ ऑनर’ करने वाली है. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि धोनी मैच के बाद मैदान पर आएंगे और फैन्स को शायद इस सीजन आखिरी बार चेपॉक में उनका दीदार हो सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement