आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब भारतीय टीम को वेस्टइंडीज का सामना करना है. 1 मार्च (रविवार) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला किसी नॉकआउट मैच से कम नहीं है. जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. वहीं हारने वाली टीम का सफर मौजूदा टूर्नामेंट में खत्म हो जाएगा.
भारतीय टीम का टी20 इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज पर दबदबा रहा है. दोनों टीम्स के बीच जो 30 मुकाबले खेले गए हैं, उसमें से 19 में भारत ने जीत हासिल की. जबकि 10 मुकाबले वेस्टइंडीज ने जीते और एक मैच का नतीजा नहीं निकला. हालांकि टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज का पलड़ा भारत के खिलाफ भारी रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक टी20 वर्ल्ड कप में चार मुकाबले हुए हैं, जिनमें वेस्टइंडीज की टीम ने 3-1 की बढ़त ले रखी है. खासकर 2016 का सेमीफाइनल मुकाबला इस प्रतिद्वंद्विता को यादगार बना देता है.
यह भी पढ़ें: सूर्या की ये गलती पड़ ना जाए भारी! बारिश से धुला वेस्टइंडीज संग मैच तो वर्ल्ड कप से बाहर हो जाएगी टीम इंडिया
टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार दोनों टीमें 2009 के संस्करण में आमने-सामने आईं. तब लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर भारतीय टीम बल्लेबाजी में संघर्ष करती नजर आई और 153/7 का स्कोर ही बना सकी. जवाब में ड्वेन ब्रावो ने नाबाद 66 रन बनाकर वेस्टइंडीज को 7 विकेट से आसान जीत दिलाई. ब्रावो ने उस मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट भी झटके थे.
2010 के संस्करण में वेस्टइंडीज ने फिर बाजी मारी. ब्रिजटाउन में खेले गए मुकाबले में कप्तान क्रिस गेल की विस्फोटक 98 रनों की इनिंग्स की बदौलत वेस्टइंडीज ने 169/6 का स्कोर खड़ा किया. भारतीय टीम मजबूत शुरुआत नहीं कर सकी और 20 ओवर्स खेलने के बावजूद टीम 155/9 तक ही पहुंच पाई. यानी मेजबान टीम ने 14 रनों से मुकाबला जीत लिया था.
...जब मिली इकलौती जीत
2014 के संस्करण में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में अपनी पहली और अब तक की इकलौती जीत दर्ज की. मीरपुर में खेले गए उस मुकाबले में शानदार गेंदबाजी के दम पर भारतीय टीम वेस्टइंडीज को 129/7 के स्कोर पर रोका. इसके बाद विराट कोहली (54 रन) और रोहित शर्मा (नाबाद 62 रन) की संयमित बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने दो गेंद बाकी रहते सात विकेट से मैच जीत लिया था. यह जीत भारत के अभियान के लिए बेहद अहम साबित हुई क्योंकि टीम फाइनल तक पहुंची थी.
सबसे चर्चित मुकाबला 2016 के टी20 वर्ल्ड के सेमीफाइनल में हुआ, जो मुंबई में खेला गया. भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट पर 192 रन बना डाले. विराट कोहली ने नाबाद 89 रन बनाए और रोहित शर्मा ने 43 रनों का योगदान दिया. चेज में वेस्टइंडीज की ओर से लेंडल सिमंस ने 82 रनों की नाबाद पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया. शुरुआती दो विकेट जल्द गिरने के बावजूद उन्होंने तूफानी पारी खेलकर टीम को 7 विकेट से जीत दिलाई. वेस्टइंडीज ने बाद में इंग्लैंड को हराकर खिताब भी अपने नाम किया था.
चार मैचों में तीन हार का यह रिकॉर्ड बताता है कि टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज ने कई बार भारत का रास्ता रोका है. 2016 की हार आज भी फैन्स के दिलों में चुभन की तरह मौजूद है. अब जब भी दोनों टीमें इस टूर्नामेंट में आमने-सामने आती हैं, पुरानी यादें और अधूरा हिसाब फिर से चर्चा में आ जाता है...
aajtak.in