'युवाओं का करियर बर्बाद कर रहे कोच गंभीर...ऐसी घटिया प्लानिंग से डूबेगी टीम', दिग्गज का फूटा गुस्सा

वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया के सीरीज जीत लेने के बावजूद पूर्व भारतीय खिलाड़ी मोहम्मद कैफ टीम की रणनीतियों से खुश नहीं हैं. अपने यूट्यूब चैनल पर कैफ ने कोच गंभीर समेत कप्तान शुभमन गिल को निशाने पर लेते हुए कई बातों का जिक्र किया है.

Advertisement
मोहम्मद कैफ का बड़ा बयान. (PHOTO: PTI) मोहम्मद कैफ का बड़ा बयान. (PHOTO: PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 06 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:26 PM IST

वेस्टइंडीज के खिलाफ खत्म हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत ने 2-1 से अपने नाम किया. जीत के बावजूद टीम मैनेजमेंट की चयन नीतियों पर सवाल खड़े होने शुरू हो गए हैं.

टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ हेड कोच गौतम गंभीर और चयन समिति के कामकाज से बेहद खफा नजर आ रहे हैं. कैफ ने युवा खिलाड़ियों को सिर्फ एक मौका देकर बाहर किए जाने के तरीके पर तीखा हमला बोला है.

Advertisement

मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर करते हुए कोच गौतम गंभीर और चयनकर्ताओं के काम करने के तरीकों की धज्जियां उड़ा दी. उन्होंने हालिया सीरीज में युवा तेज गेंदबाज आकिब नबी के साथ हुए बर्ताव का उदाहरण देते हुए कहा कि इस तरह से नए खिलाड़ियों का कॉन्फिडेंस पूरी तरह खत्म हो जाता है.

कैफ ने गुस्से में कहा कि आप नए लड़कों को लेकर तो आते हैं लेकिन उन्हें बैक नहीं करते. अगर आपने किसी को खिलाया है तो उसे और मौके दीजिए. आपने नबी को ड्रॉप क्यों किया? कंबोज को भी तो मार पड़ी ही थी. आप ऐसा करके युवा खिलाड़ियों का करियर बर्बाद कर रहे हैं.

उन्होंने आगे कहा कि मुझे नहीं पता कि नबी अब अगली बार व्हाइट-बॉल क्रिकेट कब खेलेंगे. शायद वह कभी न खेल सकें. यह बिल्कुल गलत है. आपके पास बैकअप्स नहीं हैं. अगर ऐसी ही प्लानिंग चलती रही, तो यह टीम को बहुत भारी पड़ने वाला है.

Advertisement

आकिब नबी के साथ गलत हुआ?

बता दें कि आकिब नबी ने 30 सितंबर 2026 को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे से अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. उन्होंने ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी की जगह प्लेइंग इलेवन में एंट्री ली थी, लेकिन उस मैच में उन्होंने 8.5 ओवरों में 84 रन लुटा दिए और कोई विकेट नहीं चटका पाए. 

इसके बाद 3 अक्टूबर को हुए तीसरे और आखिरी वनडे से उन्हें सीधे बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. कोच गौतम गंभीर ने नबी को आखिरी मैच में रेस्ट देने के पीछे यह तर्क दिया था कि डेड रबर वाले मुकाबले में वो दबाव नहीं होता जो सीरीज दांव पर होने पर होता है, और ऐसे मैच से खिलाड़ी को सही अनुभव नहीं मिलता. लेकिन कैफ को गंभीर का यह तर्क रास नहीं आया.

मोहम्मद कैफ ने सिर्फ कोच ही नहीं, बल्कि कप्तान शुभमन गिल की मुश्किलों और चयन समिति के फैसलों पर भी खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि इस सीरीज से भारत को कोई नया फायदा नहीं हुआ, बल्कि पुरानी चीजें ही दोहराई गईं.

कप्तान गिल को लेकर कही ये बात

विराट कोहली, रोहित शर्मा, शुभमन गिल और केएल राहुल का रन बनाना कोई नई बात नहीं है, वे हमेशा से ऐसा करते आए हैं. इस सीरीज से हमने अपनी कमजोरियों को सुधारने या कुछ नया जोड़ने में कुछ हासिल नहीं किया. बल्कि इससे खिलाड़ियों का कॉन्फिडेंस डाउन हुआ है.

Advertisement

कप्तान गिल के बारे में बात करते हुए कैफ ने कहा कि वह कम अनुभवी हैं और अभी बतौर कप्तान सीख रहे हैं. उन्हें सबसे ज्यादा यह बात परेशान कर रही है कि वह एक युवा कप्तान हैं और उनके पास युवा गेंदबाजी आक्रमण है. वर्ल्ड कप में अब ज्यादा समय नहीं बचा है और ऐसा लग रहा है कि वह घबरा रहे हैं.

शमी को नजरअंदाज करने पर सवाल

मोहम्मद कैफ ने चयन समिति की खिंचाई करते हुए कहा कि वे अनुभवी खिलाड़ियों को संभालने में नाकाम साबित हो रहे हैं. उन्होंने अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को लगातार नजरअंदाज किए जाने पर भी कड़ा एतराज जताया.

कैफ ने तंज कसते हुए कहा कि मुझे लगता है कि दो-तीन चीजें बिल्कुल गलत की गई हैं. अगर आप चयन समिति को देखें, तो उसमें कई पूर्व गेंदबाज शामिल हैं, जिनकी बहुत बड़ी भूमिका है. इसके बावजूद वे शमी के साथ तालमेल नहीं बिठा पा रहे हैं. मुझे यकीन है कि वे खुद भी अपने करियर में ऐसे दौर से गुजरे होंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »