भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में बुधवार को है. मैच से पहले सबसे बड़ी चर्चा 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के संभावित इंटरनेशनल डेब्यू को लेकर है. आयरलैंड दौरे पर टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था. ऐसे में माना जा रहा है कि इंग्लैंड के खिलाफ टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव देखने को मिल सकता है.
हालांकि टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्लेइंग इलेवन को लेकर अपने पत्ते नहीं खोले. उन्होंने साफ कहा कि टीम मैनेजमेंट अपनी रणनीति सार्वजनिक नहीं करना चाहता. श्रेयस अय्यर से जब वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी कुछ भी बताना संभव नहीं है. टीम के हाथ भी बंधे हुए हैं क्योंकि प्लेइंग इलेवन और कॉम्बिनेशन पूरी तरह टीम के अंदर की चर्चा का विषय है. उन्होंने वैभव की तारीफ करते हुए कहा कि वह शानदार प्रतिभा हैं और जब भी उन्हें मौका मिलेगा, वह बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे.
आकाश चोपड़ा बोले- अब नहीं खिलाया तो कब?
वहीं पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी को अब और इंतजार नहीं कराना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर मौका देना ही है तो सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि पूरी पांच मैचों की सीरीज खिलानी चाहिए ताकि युवा खिलाड़ी को खुद को साबित करने का पूरा अवसर मिले.
आकाश चोपड़ा ने कहा कि आयरलैंड के खिलाफ लगातार दो हार ने साफ संकेत दे दिया है कि टीम में बदलाव अब लगभग जरूरी हो चुका है. भारत मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप चैम्पियन जरूर है, लेकिन लगातार दो हार टीम मैनेजमेंट को सोचने पर मजबूर करने के लिए काफी हैं.
यह है आकाश चोपड़ा की पसंदीदा प्लेइंग XI
आकाश चोपड़ा ने अपनी प्लेइंग इलेवन में वैभव सूर्यवंशी को ओपनिंग में अभिषेक शर्मा के साथ जगह दी है. तीसरे नंबर पर उन्होंने ईशान किशन, चौथे पर कप्तान श्रेयस अय्यर, पांचवें पर तिलक वर्मा और छठे नंबर पर शिवम दुबे को रखा है.
सातवें नंबर पर अक्षर पटेल, आठवें पर हर्षित राणा, जबकि गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और रवि बिश्नोई को शामिल किया है. उनका मानना है कि टीम को अतिरिक्त बल्लेबाज की बजाय एक अतिरिक्त स्पिनर के साथ उतरना चाहिए, क्योंकि बल्लेबाजी की गहराई होने के बावजूद आयरलैंड के खिलाफ टीम 150 रन का लक्ष्य भी हासिल नहीं कर सकी थी.
हालांकि उन्होंने यह भी माना कि भारतीय टीम की सोच अक्सर अतिरिक्त बल्लेबाज खिलाने की रहती है. ऐसे में रवि बिश्नोई की जगह सूर्यांश शेडगे या किसी अतिरिक्त बल्लेबाज को मौका मिल सकता है.
संजू सैमसन के साथ नाइंसाफी नहीं होनी चाहिए
आकाश चोपड़ा ने संजू सैमसन को बाहर करने के फैसले पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि सिर्फ दो खराब पारियों के आधार पर ऐसे खिलाड़ी को बाहर करना उचित नहीं होगा, जिसने टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया और 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी रहा.
उन्होंने सुझाव दिया कि अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन के बीच रोटेशन पॉलिसी अपनाई जाए. तीनों खिलाड़ियों को पहले और तीसरे नंबर पर बारी-बारी से मौका दिया जाए, जबकि वैभव सूर्यवंशी को दूसरे नंबर पर पूरी पांच मैचों की सीरीज में लगातार खिलाया जाए. उनका मानना है कि इससे युवा बल्लेबाज को इंटरनेशनल क्रिकेट में खुद को स्थापित करने का पर्याप्त समय मिलेगा.
इंग्लैंड ने घोषित की प्लेइंग XI
इंग्लैंड ने पहले टी20 के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन पहले ही घोषित कर दी है. टीम में फिल सॉल्ट, जोस बटलर, कप्तान हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, ल्यूक वुड और साकिब महमूद को जगह मिली है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क