'रन कम हैं तो क्या? रोहित टीम इंडिया की जरूरत....', भारतीय कोच का बड़ा बयान, बोले- उनसे ग‍िल को भी फायदा

IND Vs AFG 2nd ODI: टीम इंड‍िया के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले साईराज बहुतुले ने रोहित शर्मा को टीम इंड‍िया वनडे टीम का बेहद अहम खिलाड़ी बताया है. उन्होंने कहा कि रोहित सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता से भी टीम को मजबूती देते हैं. बहुतुले के मुताबिक कप्तान शुभमन गिल समेत यंग प्लेयर्स रोहित की मौजूदगी से काफी फायदा मिलता है.

Advertisement
रोहित शर्मा के समर्थन में उतरे साईराज बहुतुले (Photo: PTI) रोहित शर्मा के समर्थन में उतरे साईराज बहुतुले (Photo: PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • लखनऊ ,
  • 16 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:07 PM IST

टीम इंड‍िया के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने रोहित शर्मा को वनडे टीम का बेहद अहम हिस्सा बताते हुए कहा है कि उनकी भूमिका सिर्फ बल्लेबाज तक सीमित नहीं है. रोहित का अनुभव, नेतृत्व क्षमता और खेल की गहरी समझ टीम को लगातार फायदा पहुंचाती है.

पिछले साल टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने वाले रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं. खासकर 2027 वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए रोहित की प्लान‍िंग और उनकी फॉर्म पर काफी नजर रखी जा रही है.

Advertisement

हाल के समय में रोहित का बल्ला वनडे क्रिकेट में ज्यादा नहीं चला है. उन्होंने अपनी पिछली चार वनडे पारियों में केवल 77 रन बनाए हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में भी वह बड़ी पारी नहीं खेल सके थे.

पर बहुतुले का मानना है कि रोहित का महत्व आंकड़ों से कहीं ज्यादा है. अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे से पहले मीडिया से बातचीत में बहुतुले ने कहा- रोहित शर्मा बेहद अनुभवी खिलाड़ी हैं. वह एक चैम्प‍ियन  क्रिकेटर हैं. वह इस टीम में सिर्फ बल्लेबाजी के कारण ही नहीं, बल्कि अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता के कारण भी अतिरिक्त मूल्य जोड़ते हैं. उनकी सोच और उनका तरीका युवा खिलाड़ियों पर असर डालता है. शुभमन गिल को भी उनकी मौजूदगी से काफी फायदा मिलता है. 

उन्होंने आगे कहा कि रोहित खेल की बारीकियों को अच्छी तरह समझते हैं और टीम की जरूरतों के मुताबिक खुद को ढालने की क्षमता रखते हैं.

Advertisement

बहुतुले ने कहा- उनका इस टीम में होना निश्चित रूप से बहुत जरूरी है. वह हर मैच को समझते हैं, उन्हें पता होता है कि टीम उनसे क्या उम्मीद कर रही है और उन्हें क्या करना है.

रोह‍ित के अंदर आज भी सीखने की भूख: बहुतुले 
कोच ने यह भी बताया कि तमाम उपलब्धियां हासिल करने के बावजूद रोहित के अंदर सीखने और खुद को बेहतर बनाने की भूख आज भी वैसी ही है जैसी करियर की शुरुआत में थी.

उन्होंने कहा- वह हर मुकाबले का इंतजार करते हैं. नेट्स में जो मेहनत वह कर रहे हैं, उसे देखकर ऐसा लगता है जैसे उन्होंने अभी-अभी अपना करियर शुरू किया हो.

पहले वनडे में सस्ते में आउट होने के बाद रोहित शर्मा ने दूसरे मुकाबले से पहले लंबा नेट्स सेशन किया. लखनऊ में अभ्यास के दौरान उन्होंने बल्लेबाजी पर काफी समय बिताया और अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया.

टीम इंड‍िया और अफगानिस्तान के बीच दूसरा वनडे मुकाबला ऐसे समय में खेला जाएगा जब सभी की नजरें रोहित शर्मा के प्रदर्शन पर होंगी. टीम मैनेजमेंट को उम्मीद होगी कि अनुभवी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलकर आलोचनाओं का जवाब दें और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाएं.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »