IND A vs NZ A: भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट (Unofficial Test) के पहले दिन एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों से लेकर कमेंटेटर्स तक को हंसने पर मजबूर कर दिया. मैच के दौरान बुजुर्ग स्कूटी लेकर मैदान के अंदर पहुंच गया. इसके चलते कुछ देर के लिए खेल रोकना पड़ा.
यह घटना शनिवार (31 अक्टूबर) को हेगले ओवल में पहले दिन के आखिरी सेशन में हुई. न्यूजीलैंड ए के तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल 83वें ओवर की गेंदबाजी के लिए रनअप लेने ही वाले थे कि भारत ए के बल्लेबाज आकाश दीप ने उन्हें रुकने का इशारा किया. दरअसल, आकाश दीप की नजर साइट स्क्रीन के सामने से स्कूटी पर गुजर रहे एक बुजुर्ग पर पड़ी थी.
रैंडेल पहले तो पीछे मुड़े और उन्हें समझ नहीं आया कि अचानक उन्हें क्यों रुकना पड़ा. लेकिन कुछ ही देर में माजरा साफ हो गया. एक बुजुर्ग स्कूटी से मैदान पार कर रहे थे. ऐसा लग रहा था कि वह दिन का आखिरी खेल देखने के लिए अपने बैठने की जगह तलाश रहे थे.
आकाश दीप ने भी गेंदबाज को तब तक इंतजार करने के लिए कहा, जब तक बुजुर्ग सुरक्षित तरीके से मैदान पार नहीं कर गए. इस अनोखे नजारे पर भारतीय खिलाड़ी अपनी हंसी नहीं रोक पाए. कमेंटेटर्स ने भी मजे लेते हुए बुजुर्ग को मैच देखने के लिए बेहतरीन जगह तलाशने पर बधाई दी.
हेगले ओवल अपने खूबसूरत नजारे और मैदान के बाहर मौजूद खुली हरी जगहों के लिए जाना जाता है, जहां दर्शक बैठकर क्रिकेट का आनंद लेते हैं. हालांकि, मैच के बीच किसी दर्शक का स्कूटी लेकर मैदान पार करना भारतीय टीम के लिए बिल्कुल अप्रत्याशित नजारा था.
जुरेल ने संभाली भारत ए की पारी
मैदान पर इस दिलचस्प घटना के अलावा पहले दिन भारत ए के कप्तान ध्रुव जुरेल ने बल्ले से शानदार संघर्ष दिखाया. उनकी नाबाद 99 रनों की पारी की बदौलत भारत ए ने दिन का खेल खत्म होने तक 7 विकेट पर 291 रन बना लिए थे.
भारत ए की शुरुआत अच्छी रही थी. देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 91 रन जोड़े. सुदर्शन 41 रन बनाकर जारोड मैके का शिकार बने. वहीं, पडिक्कल ने अर्धशतक लगाया, लेकिन उनके आउट होते ही भारत ए की पारी लड़खड़ा गई.
टीम ने महज 7 रन के भीतर अपने 4 विकेट गंवा दिए और स्कोर 137 रन पर 5 विकेट हो गया. इस दौरान यश राठौड़, पडिक्कल और रविचंद्रन स्मरण के विकेट जल्दी-जल्दी गिरे. वॉशिंगटन सुंदर भी ज्यादा देर नहीं टिक सके. ऐसे में कप्तान जुरेल पर पारी को संभालने की जिम्मेदारी आ गई.
जुरेल को मनव सुथार का अच्छा साथ मिला. दोनों ने सातवें विकेट के लिए 62 रन जोड़े. सुथार 22 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद जुरेल ने आखिरी सत्र में आक्रामक अंदाज अपनाया और मैके के ओवर में लगातार चौका, छक्का और चौका जड़ दिया.
इसके बाद आकाश दीप क्रीज पर आए और उन्होंने जुरेल का साथ निभाया. दोनों ने आठवें विकेट के लिए नाबाद 69 रन जोड़कर भारत ए को दिन का खेल खत्म होने तक कोई और झटका नहीं लगने दिया. स्टंप्स के समय आकाश दीप 25 रन बनाकर खेल रहे थे, जबकि जुरेल 155 गेंदों पर 99 रन बनाकर नाबाद लौटे. वह अपने शतक से सिर्फ एक रन दूर रह गए.
शुरुआती अच्छी स्थिति के बाद भारत ए की पारी जिस तरह लड़खड़ाई थी, उससे टीम मुश्किल में नजर आ रही थी. लेकिन जुरेल की जुझारू पारी ने दूसरे दिन के खेल से पहले टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. मैच के दूसरे दिन यानी रविवार को जुरेल 105 रनों की शतकीय पारी खेलकर आउट हुए. वहीं आकाश दीप ने भी शानदार 68 रनों की पारी खेली, इस तरह भारत ए की पहली पारी 346 रनों पर खत्म हुई.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क