भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर के नाम अब एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है. हरमनप्रीत कौर को सोमवार (25 मई) को राष्ट्रपति भवन में देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित किया गया. भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह सम्मान भारतीय क्रिकेट में उनके शानदार योगदान और टीम इंडिया को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए दिया.
राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य सिविल इन्वेस्टिचर समारोह में हरमनप्रीत कौर बेहद खास अंदाज में नजर आईं. क्रीम रंग के पारंपरिक परिधान में उन्होंने यह सम्मान ग्रहण किया. हरमप्रीत कौर के इस एथनिक लुक की काफी चर्चा हो रही है. यह पल भारतीय महिला क्रिकेट के लिए काफी गर्व भरा माना जा रहा है.
पिछले साल हरमनप्रीत कौर ने इतिहास रचते हुए अपनी कप्तानी मे भारत को आईसीसी विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप खिताब जिताया था. हरमनप्रीत आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली पहली भारतीय महिला कप्तान बनी थीं. अब पद्म श्री सम्मान ने उनके शानदार करियर को और भी खास बना दिया है.
राष्ट्रपति भवन में आयोजित पहले सिविल इन्वेस्टिचर समारोह में कुल 2 पद्म विभूषण, 6 पद्म भूषण और 58 पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए गए. साल 2026 के लिए कुल 131 पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया गया था. क्रिकेट जगत से पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को भी पद्म श्री से सम्मानित जाना था, हालांकि वह समारोह में मौजूद नहीं थे.
हरमनप्रीत कौर फिलहाल भारत में हैं, जबकि भारतीय महिला टीम की बाकी खिलाड़ी इंग्लैंड पहुंच चुकी हैं और आगामी महिला टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटी हुई हैं. स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और श्रेयंका पाटिल समेत कई खिलाड़ी चेल्म्सफोर्ड में अभ्यास कर रही हैं.
भारत महिला T20 वर्ल्ड कप में अपना अभियान 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ शुरू करेगा. हरमनप्रीत कौर का यह 10वां महिला T20 वर्ल्ड कप होगा, जबकि कप्तान के तौर पर वह पांचवीं बार टीम की अगुवाई करेंगी. अब हरमनप्रीत के सामने एक और बड़ा मौका है. आईसीसी ट्रॉफी जीतने के बाद वह भारत को पहला महिला T20 वर्ल्ड कप जिताकर इतिहास रच सकती हैं.
पद्म पुरस्कार 2026: खेल जगत
विजय अमृतराज- पद्म भूषण
बलदेव सिंह- पद्म श्री
भगवानदास रायकवार- पद्मश्री
हरमनप्रीत कौर- पद्म श्री
के पजानिवेल- पद्म श्री
प्रवीण कुमार- पद्म श्री
रोहित शर्मा- पद्म श्री
सविता पुनिया- पद्म श्री
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क