आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने पाकिस्तान पर 64 रनों से शानदार जीत हासिल की. रविवार (14 जून) को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर हुए मैच में भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने यादगार प्रदर्शन किया. अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर दीप्ति ने ना सिर्फ पाकिस्तान की बल्लेबाजी यूनिट को तहस-नहस किया, बल्कि कुछ बड़े रिकॉर्ड्स भी अपने नाम किए.
इस हाईवोल्टेज मुकाबले में दीप्ति शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट झटके. महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत की ओर से किसी मैच में ये सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन रहा. दीप्ति ने रेणुका सिंह ठाकुर का रिकॉर्ड तोड़ दिया. रेणुका ने 2023 के संस्करण में इंग्लैंड के खिलाफ 15 रन देकर 5 विकेट लिए थे. दीप्ति ने इस दौरान गुल फिरोजा, आयशा जफर, आलिया रियाज, नाशरा संधू और तस्मिया रुबाब को अपना शिकार बनाया. उनकी सटीक लाइन-लेंथ और शानदार नियंत्रण के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाज टिक नहीं सके.
हालांकि महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन का रिकॉर्ड अभी भी वेस्टइंडीज की दिग्गज ऑलराउंडर डिएंड्रा डॉटिन के नाम दर्ज है. डॉटिन ने 2018 में बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में सिर्फ 5 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे.
दीप्ति शर्मा का यह स्पेल भारत के लिए बेहद अहम साबित हुआ. उन्होंने बीच के ओवरों में लगातार विकेट निकालकर पाकिस्तान को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया. महिला टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर पाकिस्तान के खिलाफ ऐसा प्रदर्शन करके दीप्ति ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में से एक हैं. उनकी इस यादगार गेंदबाजी को लंबे समय तक याद रखा जाएगा.
विमेंस टी20 विश्व कप में भारत के लिए पांच विकेट
5/10 - दीप्ति शर्मा बनाम पाकिस्तान, बर्मिंघम, 2026*
5/15। रेनूका ठाकुर बनाम इंग्लैंड, गाकेबरहा, 2023
5/16 - प्रियंका रॉय बनाम पाकिस्तान, टॉनटन, 2009
देखा जाए तो दीप्ति शर्मा अब विमेंस टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं. दीप्ति ने थाईलैंड की थिपाचा पुत्थावोंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. थिपाचा पुत्थावोंग के नाम पर विमेंस टी20 इंटरनेशनल में 165 विकेट दर्ज हैं.
महिला टी20I में सबसे अधिक विकेट
166- दीप्ति शर्मा (भारत)
165- थिपाचा पुत्थावोंग (थाईलैंड)
160- हेनरिएट इशिम्वे (रवांडा)
152- मेगन शट (ऑस्ट्रेलिया)
148- ओनिका कामचोम्फू (थाईलैंड)
विमेंस टी20I में सर्वाधिक बार 5 विकेट (फुल मेम्बर टीम्स)
3- अनीसा मोहम्मद (वेस्टइंडीज)
2- शबनम इस्माइल (साउथ अफ्रीका)
2- अर्लीन केली (आयरलैंड)
2- सुने लुस (साउथ अफ्रीका)
2- नाहिदा अख्तर (बांग्लादेश)
2- दीप्ति शर्मा (भारत)
विमेंस टी20 विश्व कप में भारत की सबसे बड़ी जीत
82 रन vs श्रीलंका, दुबई, 2024
79 रन vs बांग्लादेश, सिलहट, 2014
72 रन vs बांग्लादेश, बेंगलुरु, 2016
71 रन vs श्रीलंका, बासेटेरे, 2010
64 रन vs पाकिस्तान, बर्मिंघम, 2026
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क