फ्रेंचाइजी क्रिकेट के बढ़ते दबदबे के बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने अपने स्टार खिलाड़ियों को इंटरनेशनल क्रिकेट से जोड़े रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है. सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड की रिपोर्ट्स के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया की वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान पैट कमिंस को करीब 12 मिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर (लगभग 82 करोड़ रुपये) की मेगा डील ऑफर की गई है, ताकि वह 2029 तक ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने को प्राथमिकता दें.
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पिछले साल एक आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) फ्रेंचाइजी ने पैट कमिंस और ट्रेविस हेड को करीब 10 मिलियन डॉलर का ऑफर दिया था. इस ऑफर का मकसद दोनों खिलाड़ियों को इंटरनेशनल क्रिकेट छोड़कर फुल-टाइम फ्रेंचाइजी क्रिकेटर बनाना था. हालांकि, दोनों खिलाड़ियों ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया नहीं चाहता कि उसकी टीम भी वेस्टइंडीज जैसी स्थिति में पहुंचे, जहां कई स्टार खिलाड़ी फ्रेंचाइजी क्रिकेट की ओर चले गए और इंटरनेशनल टीम कमजोर पड़ती गई. इसी कारण बोर्ड अपने प्रमुख खिलाड़ियों को लंबी अवधि के हाई-वैल्यू कॉन्ट्रैक्ट देकर राष्ट्रीय टीम के साथ बनाए रखना चाहता है.
हेड-लाबुशेन से भी बातचीत जारी
रिपोर्ट के मुताबिक, नई डील के तहत पैट कमिंस को अगले तीन वर्षों तक हर साल करीब 4 मिलियन डॉलर (27.36 करोड़ रुपये) मिल सकते हैं. सिर्फ कमिंस ही नहीं, बल्कि ट्रेविस हेड और मार्नस लाबुशेन के साथ भी इसी तरह के समझौते पर बातचीत चल रही है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के हेड ऑफ क्रिकेट जेम्स ऑलसॉप ने कहा, 'इन खिलाड़ियों ने लंबे समय तक ऑस्ट्रेलिया के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। वे बेहतर भुगतान और लंबे समय की सुरक्षा के हकदार हैं.'
यह भी पढ़ें: IPL फाइनल से टकराया पाकिस्तान दौरा, ऑस्ट्रेलिया के स्टार खिलाड़ी संकट में
अगले 12 महीनों में ऑस्ट्रेलिया को 21 टेस्ट मैच खेलने हैं. ऐसे में बोर्ड चाहता है कि उसके प्रमुख खिलाड़ी पूरी तरह फिट और उपलब्ध रहें. पैट कमिंस हाल ही में पीठ की चोट से उबर रहे हैं और टेस्ट कप्तान के रूप में बड़ी वापसी की तैयारी कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का IPL में 'फर्स्ट बॉल अटैक', बुमराह-हेजलवुड-भुवी सब निशाने पर...
फिलहाल पैट कमिंस और ट्रेविस हेड सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए आईपीएल 2026 में खेल रहे हैं. दोनों खिलाड़ियों ने टीम को पॉइंट्स टेबल में मजबूत स्थिति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है.
अगर यह डील फाइनल होती है, तो पैट कमिंस भविष्य में बिग बैश लीग में कम ही नजर आ सकते हैं, क्योंकि बोर्ड उनके इंटरनेशनल वर्कलोड को प्राथमिकता देना चाहता है.
फ्रेंचाइजी क्रिकेट और इंटरनेशनल क्रिकेट के बीच बढ़ती खींचतान के दौर में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है. पैट कमिंस को दिया गया यह मेगा ऑफर सिर्फ एक कॉन्ट्रैक्ट नहीं, बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट की अहमियत बनाए रखने की बड़ी रणनीति भी मानी जा रही है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क