बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने भारत के सितंबर दौरे को सुनिश्चित कराने के लिए बांग्लादेश सरकार से मदद मांगी है. उन्होंने सरकारी अधिकारियों से अनुरोध किया है कि वे भारत सरकार और भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के साथ उच्च-स्तरीय बातचीत करें, ताकि भारत की पुरुष क्रिकेट टीम के प्रस्तावित दौरे का रास्ता साफ हो सके.
रिपोर्ट के मुताबिक, तमीम इकबाल ने BCB की सुरक्षा समिति के अध्यक्ष सईद इब्राहिम के साथ बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम से मुलाकात की है.
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया को बड़ी राहत... जसप्रीत बुमराह पूरी तरह फिट, श्रीलंका के खिलाफ दोनों टेस्ट खेलेंगे
इस दौरान भारत के दौरे को लेकर सकारात्मक माहौल बनाने और दोनों देशों के बीच सरकारी स्तर पर संवाद बढ़ाने पर जोर दिया गया है. भारत को सितंबर में बांग्लादेश दौरे पर तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है, लेकिन अभी तक इस सीरीज की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
यह दौरा पहले 2024 में प्रस्तावित था, लेकिन बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था. तमीम इकबाल इससे पहले भी कह चुके हैं कि बांग्लादेश 'पूरी तरह सुरक्षित देश' है और उन्हें उम्मीद है कि भारत का दौरा तय कार्यक्रम के अनुसार होगा.
यह भी पढ़ें: रहाणे के बाद KKR की कमान किसके हाथ? रिंकू सिंह सबसे मजबूत दावेदार
हालांकि उन्होंने यह भी माना था कि अंतिम फैसला उनके नियंत्रण से बाहर है और इसमें दोनों देशों की सरकारों की भूमिका अहम होगी. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अभी तक मीडिया राइट्स के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) को अंतिम रूप देकर जारी नहीं किया है.
सूत्रों के मुताबिक, इसकी वैल्यूएशन पूरी कर बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों को सौंप दी गई है, लेकिन अभी तक इस पर अंतिम फैसला भी नहीं लिया गया है. माना जा रहा है कि BCB इस मामले में कोई भी निर्णय लेने से पहले भारत के बांग्लादेश दौरे को लेकर हरी झंडी मिलने का इंतजार कर रहा है. इसके बाद ही EOI जारी करने और आगे की प्रक्रिया पर अंतिम फैसला लिया जाएगा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क