बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच 13 मार्च (शुक्रवार) को मीरपुर के शेए-ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम में आयोजित वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला विवादों से भरा रहा. इस मुकाबले में सलमान अली आगा के रन आउट होने के बाद जमकर बवाल हुआ. बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने पाकिस्तान के बल्लेबाज सलमान अली आगा को जिस तरह रन आउट किया, उसके बाद मैदान पर तीखी बहस देखने को मिली.
यह घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में हुई. उस ओवर में मेहदी हसन मिराज की चौथी गेंद को मोहम्मद रिजवान ने गेंदबाज की दाईं ओर खेल दिया. गेंद को रोकने के लिए मिराज आगे बढ़े और अपने जूते से उसे रोक दिया. इसी दौरान नॉन-स्ट्राइकर एंड पर मौजूद सलमान अली आगा क्रीज में लौटने की कोशिश कर रहे थे और दोनों खिलाड़ियों के बीच हल्की टक्कर हो गई.
गेंद सलमान अली आगा के पैरों के पास ही रुक गई और उस समय आगा क्रीज से बाहर थे. उन्हें लगा कि गेंद डेड हो चुकी है, इसलिए वह झुककर गेंद उठाने लगे ताकि उसे मेहदी हसन मिराज को वापस दे सकें. लेकिन मिराज ने तेजी दिखाते हुए गेंद को उठाया और अंडरआर्म थ्रो से स्टम्प्स पर मार दिया. आगा तब क्रीज से बाहर पाए गए.
मैदानी अंपायर तनवीर अहमद ने मामला तीसरे अंपायर के पास भेजा. विजुअल्स देखने के बाद थर्ड अंपायर ने फैसला सुनाया कि गेंद डेड नहीं थी और नियमों के मुताबिक मेहदी हसन मिरज का रन आउट करना पूरी तरह सही था. हालांकि इस फैसले से सलमान अली आगा काफी नाराज हो गए और उन्होंने मैदान पर ही मेहदी हसन मिराज से बहस शुरू कर दी.
रिजवान ने किया बीच-बचाव
इस दौरान बांग्लादेश के विकेटकीपर लिटन दास भी बहस में शामिल हो गए. स्थिति इतनी गर्म हो गई कि मोहम्मद रिजवान को बीच-बचाव करना पड़ा और उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को शांत कराया. गुस्से में सलमान अली आगा ने मैदान छोड़ते वक्त अपने ग्लव्स और हेलमेट भी जमीन पर फेंक दिए और पवेलियन की ओर जाते हुए लगातार नाराजगी जताते रहे.
इस रन आउट के बाद 'स्पिरिट ऑफ क्रिकेट' को लेकर भी बहस शुरू हो गई है. नियमों के अनुसार मेहदी हसन मिराज का कदम सही था, लेकिन कई लोगों का मानना है कि यह खेल भावना के खिलाफ था. वैसे सलमान अली आगा की पहली प्राथमिकता क्रीज में लौटना होना चाहिए था, ना कि गेंद उठाने की कोशिश करना.
जब यह घटना हुई, तब पाकिस्तान मजबूत स्थिति में था और टीम का स्कोर 231/3 था. लेकिन इस रन आउट के बाद मैच का रुख पूरी तरह बदल गया. पाकिस्तान ने अपने आखिरी सात विकेट 43 रनों पर गंवा दिए और बांग्लादेश मुकाबले में वापसी करने में सफल रहा. पाकिस्तानी टीम 47.3 ओवरों में 274 रनों पर ढेर हो गई.
aajtak.in