पाकिस्तान के 21 वर्षीय ऑलराउंडर अराफात मिन्हास ने अपने प्रदर्शन से इंग्लैंड की टीम को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया. ओडीआई ट्राई सीरीज के मुकाबले में उन्होंने पहले बल्ले से 59 रन बनाए और फिर गेंदबाजी में छह विकेट झटककर पाकिस्तान को 87 रनों से जीत दिलाई. 20 अक्टूबर (मंगलवार) को रावलपिंडी के रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 302 रन बनाए थे, जिसके जवाब में इंग्लैंड की पारी 215 रनों पर सिमट गई. टूर्नामेंट में पाकिस्तान की यह दूसरी जीत है.
303 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेहमान टीम इंग्लैंड ने तेज शुरुआत की. टॉम बैंटन और बेन डकेट ने पहले विकेट के लिए 91 रन जोड़कर पाकिस्तान को दबाव में डाल दिया. हारिस रऊफ ने डकेट को 45 रनों के निजी स्कोर पर आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. बैंटन ने 53 गेंदों पर 57 रन बनाए और उन्हें अराफात मिन्हास ने पवेलियन भेज दिया.
इसके बाद अराफात मिन्हास ने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक को भी पांच रनों के निजी स्कोर पर आउट कर दिया. जो रूट और सैम करन ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन नसीम शाह ने रूट को 33 रनों के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया. फिर हारिस रऊफ ने करन (27 रन) को आउट किया और इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ा दीं.
मिन्हास के आगे चित हुए अंग्रेज बल्लेबाज
अराफात मिन्हास ने इसके बाद जॉर्डन कॉक्स और जेमी ओवर्टन को अपना शिकार बनाया. मिन्हास यहीं नहीं रुके. उन्होंने विल जैक्स और आदिल राशिद को लगातार गेंदों पर आउट कर सिक्स विकेट हॉल कम्पलीट किया. मिन्हास ने वनडे इंटरनेशनल में दूसरी बारी पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट झटके हैं. गस एटकिंसन के रन आउट होते ही इंग्लैंड की इनिंग्स 38.4 ओवर में खत्म हो गई. मिन्हास ने 8.4 ओवर में 40 रन देकर छह विकेट लिए. जबकि हारिस रऊफ को दो और नसीम शाह को एक सफलता मिली.
इससे पहले पाकिस्तान की बल्लेबाजी भी मुश्किल में नजर आई. पारी की पहली ही गेंद पर गस एटकिंसन ने फखर जमां को आउट कर दिया. सैम अयूब आठ रन बनाकर लौटे, जबकि बाबर आजम 52 गेंदों पर 34 रन बनाकर विल जैक्स का शिकार बने. सलमान अली आगा भी 16 रन ही बना सके और पाकिस्तान ने 59 रन तक चार विकेट गंवा दिए.
ऐसे समय में हसन नवाज और साद बेग ने पारी को संभाला. दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 51 रन जोड़े. साद ने 35 रन बनाए, लेकिन गस एटकिंसन ने उनकी इनिंग्स रोक दी. दूसरी ओर, हसन नवाज ने आक्रामक अंदाज जारी रखा और 74 गेंदों पर 79 रन ठोक दिए. उनकी पारी में पांच चौके और चार छक्के शामिल थे.
हसन नवाज के आउट होने के बाद अराफात मिन्हास ने पूरी जिम्मेदारी ली. उन्होंने 58 गेंदों पर 59 रन बनाए और फहीम अशरफ के साथ मिलकर पाकिस्तान के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया. दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी हुई. फहीम ने 25 गेंदों पर 39 रन बनाए. आखिरी ओवरों में कप्तान शाहीन आफरीदी ने दो लगातार चौके लगाकर पाकिस्तान को 300 रनों के पार पहुंचाने में मदद की. वह 10 रन बनाकर नाबाद रहे. इंग्लैंड की ओर से सोनी बेकर ने तीन विकेट लिए, जबकि गस एटकिंसन को दो सफलताएं मिलीं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क