पति-पत्नी के बीच संबंध अच्छे हैं और घर-गृहस्थी बढ़िया चल रही है. फिर भी आपका किसी पराए इंसान के साथ बाहर अफेयर है. अगर आप या आपके किसी जानने वाले के साथ भी ऐसी समस्या है तो घर की नॉर्थ-नॉर्थ-वेस्ट दिशा की जांच करिए. पश्चिम से लेकर उत्तर के बीच में आने वाली ये दिशा एक्स्ट्रा मैरिटियल अफेयर का बहुत बड़ा कारण है. इस दिशा में अलग-अलग तरह के दोष अलग-अलग तरह की परेशानी दे सकते हैं. हालांकि नव विवाहित दंपति का कमरा इस दिशा में होना दोनों के बीच आकर्षण बना रहने के लिहाज से अच्छा माना जाता है.
वास्तु के अनुसार, नॉर्थ-नॉर्थ-वेस्ट दिशा अच्छी होने से व्यक्तित्व आकर्षक रहता है और लोग उसके संपर्क में रहना पसंद करते हैं. लेकिन इस दिशा में रसोई, टॉयलेट, एंटी कलर या अन्य प्रतिकूल सामान आपके आकर्षण में कमी, चेहरे की सुंदरता में कमी, त्वचा संबंधी रोगों के साथ एक्स्ट्रा मैरिटियल अफेयर करा सकता है.
यदि इस दिशा में टॉयलेट या रसोई हो तो व्यक्ति अपना आकर्षण बढ़ाने के लिए बेवजह और अनावश्यक रूप से अधिक पैसा खर्च करता है. इस दिशा में वास्तु दोष होने पर जीवनसाथी से बेवजह लड़ाई झगड़े होते रहते हैं. दोनों एक-दूसरे से कभी संतुष्ट नहीं रहते हैं. बस एक-दूसरे में कमियां ढूंढते रहते हैं. और इस कमी को पूरा करने के लिए व्यक्ति बाहर किसी साथी की तलाश करता है. जबकि इस दिशा के अच्छा होने से व्यक्ति में एक अलग तरह का आकर्षण रहता है और पति-पत्नी के बीच संबंध भी अच्छे रहते हैं.
इस दिशा में न बनाएं बच्चों का कमरा
यदि आपके घर में अविवाहित बच्चे हैं तो इस दिशा में उनका कमरा न बनाएं. इससे आपका बच्चा गलत दिशा में जा सकता है या लक्ष्य से भ्रमित हो सकता है. यह दिशा सेक्स व आकर्षण की दिशा है. इस दिशा में अधिक समय बिताने पर बच्चे की सोच भी उसी के अनुरूप प्रभावित होगी. पढ़ाई के बजाए गलत चीजों में बच्चे का दिमाग ज्यादा लगेगा.
विवाह की समस्या है तो इस दिशा में सोएं
यदि आपके बच्चे का विवाह होने में दिक्कत आ रही है, विशेषकर लोग उसे पसंद नहीं कर रहे तो इस दिशा में बच्चे को सुलाना अच्छा है. यहां समय बिताने से व्यक्ति में आकर्षण बढ़ता है. पहले लोग अक्सर विवाह योग्य बच्चों को इसी दिशा में सुलाते थे.
नॉर्थ-नॉर्थ-वेस्ट दिशा को कैसे ठीक करें?
घर की नॉर्थ-नॉर्थ-वेस्ट दिशा में टॉयलेट, रसोई बिल्कुल न बनाएं. इस दिशा में लाल और अधिक मात्रा में हरा रंग प्रतिकूल प्रभाव दे सकता है. जैसे लाल-हरे रंगे का सोफा, पर्दे या फर्नीचर रखने से बचें. इस दिशा में सफेद, नीला रंग का होना अच्छा माना जाता है.
अंशु पारीक