Vastu Tips: आजकल युवा नौकरी की समस्या को लेकर बहुत परेशान रहते हैं. जैसे-तैसे नौकरी लग भी जाए तो वहां संतुष्टि नहीं मिलती है. या किसी अन्य कारण से जल्दी-जल्दी नौकरी छूट जाती है. व्यापार करने वालों के पास ग्राहक नहीं आते हैं. आपका प्रोडक्ट अच्छा है और ग्राहक की जरूरतों का ख्याल भी रखते हैं. फिर भी क्लाइंट नहीं है. ऐसी सभी समस्याओं का इलाज आपके घर की उत्तर दिशा में है.
नौकरी-व्यापार में कब आती है समस्या?
उत्तर दिशा जल तत्व की दिशा है. वास्तु में इसे कुबेर जी की दिशा माना गया है. जहां से धन या जीवन में अवसर आने की संभावनाएं जन्म लेती हैं. जिस तरह नदी में जल बहता है, ठीक उसी तरह इस दिशा का अच्छा होना, हमारे जीवन में खुशियां और बेहतर अवसरों को बनाए रखता है. लेकिन इस दिशा में दिक्कत या कोई वास्तु दोष होने से जीवन में अवसर आने ही बंद हो जाते हैं. भले ही व्यक्ति के पास तमाम डिग्रियां और बेहतर स्किल हों. लेकिन अच्छी नौकरी के मौके नहीं मिलते हैं. हर तरह से सुसज्जित शोरूम, बेहतर क्वालिटी और उचित दाम वाले प्रोडक्ट होने पर भी ग्राहक नहीं मिलते हैं.
आपके जीवन में भी कुछ इसी तरह की परेशानियां हैं तो अपने घर या व्यवसायिक स्थल की उत्तर दिशा को ठीक करें. अगर घर की उत्तर दिशा अच्छी हो तो व्यक्ति के पास नए अवसरों की कमी नहीं रहती है. वह किसी न किसी तरह जीवन में बेहतर अवसर प्राप्त कर ही लेता है. उत्तर दिशा जीवन में अवसर लेकर आती हैं.
उत्तर दिशा में न करें ये गलतियां
उत्तर दिशा घर की अन्य दिशाओं से ऊपर उठी नहीं होनी चाहिए. उत्तर दिशा का क्षेत्र हमेशा थोड़ा डाउन होना अच्छा है. यदि घर की अन्य दिशाओं से उठा हुआ उत्तर दिशा का क्षेत्र जीवन में बेहतर मौके आने में बाधा पैदा करता है. इस दिशा में रसोई या लाल-नारंगी रंग के रूप में अग्नि तत्व की मौजूदगी भी समस्या पैदा कर सकती है. इसलिए उत्तर दिशा की दीवारों पर कभी भी लाल और नारंगी रंग नहीं करवाना चाहिए.
वहीं, पीला रंग व्यक्ति के मन में संतुष्टि का भाव पैदा कर देता है, जिससे व्यक्ति जीवन में बेहतर मौकों के लिए प्रयास करना ही बंद कर देता है. इस दिशा में सबसे खराब स्थिति टॉयलेट के होने से आती है. ऐसे में जीवन में अवसर तो आते हैं, लेकिन हाथ नहीं लग पाते. यानी हाथ आए मौकों को आप भुना नहीं पाएंगे.
उत्तर दिशा में क्या बदलाव करें?
उत्तर दिशा हमेशा साफ-सुधरी और डाउन होनी चाहिए. यहां कुबेर जी को स्थापित करना धन और जीवन में नए अवसरों को लाने के रास्ते खोलता है. इस दिशा में नीला, हरा, सफेद और ऑफ व्हाइट रंग अच्छा है. गलती से भी उत्तर दिशा में रसोई और टॉयलेट नहीं होने चाहिए. अगर ऐसा है तो उसे वास्तु के हिसाब से ठीक करवा लें.
अंशु पारीक