दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर की मौत की बाद एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता अचानक से सुर्खियों में आ गई हैं. नाना की मौत के बाद तनुश्री ने Evil Dead कहा था. इसके बाद वह सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल भी हुईं. हालांकि कुछ लोगों ने उन्हें सपोर्ट भी किया. इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब इंस्टाग्राम पर तनुश्री दत्ता के कुछ धार्मिक पोस्ट भी लगातार सामने आ रहे हैं. तनुश्री ने उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए और उसके कुछ वीडियोज भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लगाए हैं.
तनुश्री ने अपने इंस्टाग्राम पर भगवान विष्णु का एक वीडियो डाला है जो एनिमेटेड मूवी नरसिम्हा का है. इस वीडियो के बैकग्राउंड में 'ओम नमो भगवते वासुदेवाय नम:' गाना चल रहा है. इसके अलावा उन्होंने आदि शक्ति मां दुर्गा की एक एनिमेटेड इमेज भी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लगाई है. एक स्टोरी में लिखा है, 'छल करने वालों का विनाश तो तय है. रगड़े वो भी जाएंगे, जिन्होंने उनका साथ दिया था.'
तनुश्री दत्ता की एक इंस्टा स्टोरी पर लिखा है, 'ईश्वर के साथ मेरा संबंध मजबूत और पवित्र है. इसलिए जब कोई मुझे चोट पहुंचाने का फैसला करता है तो वह अनजाने में ही इस मामले में भगवान को आमंत्रित कर देता है.'
इसके अलावा, तनुश्री ने उज्जैन महाकाल के दर्शन और पूजा-पाठ के वीडियोज भी स्टोरी पर लगाए हैं. एक वीडियो में उन्होंने जय श्री महाकाल का जयकारा भी लगाया. तनुश्री ने महाकाल की पूजा के बाद उनका आशीर्वाद लिया है.
महाकाल बाबा के किए दर्शन
तनुश्री ने अपना एक वीडियो भी इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है. इस वीडियो में उन्होंने कहा कि मैं उज्जैन स्थित महाकाल बाबा के दर्शन करने आई हूं. उनका बुलावा काफी समय से आ रहा था. यहां आने के लिए ये बहुत सही समय है, क्योंकि अर्धकुंभ मेले की तैयारियां चल रही हैं. मैं अक्सर यहां साधना के लिए आती हूं.
तनुश्री ने वीडियो में आगे कहा, 'मुझे समझ नहीं आ रहा कि लोग मेरी ट्रोलिंग क्यों कर रहे हैं. जिस इंसान ने मेरी जिंदगी खराब कर दी. गुंडे भेजे. मुझे परेशान किया. मेरा काम खराब किया. ये अकेला नहीं था. ये शैतानों का पूरा झुंड था. मैंने 'इविल डेड' बोल दिया तो इतना हंगामा क्यों हो गया. कुछ आत्माएं इतनी नकारात्मक होती हैं कि वो जाते-जाते भी आपको टेंशन देकर जाती हैं. औरतों को प्रताड़ित करके कोई शक्तिशाली नहीं होता है. किसी कमजोर और असहाय को प्रताड़ित करना बहुत दुखद है. अब कुछ लोग कह रहे हैं कि मरने के बाद किसी के बारे में ऐसा नहीं कहना चाहिए. तो मैं उन लोगों से पूछना चाहती हूं कि फिर आप लोग रावण को मरने के बाद श्रद्धांजलि क्यों नहीं देते हैं.'
aajtak.in