हिंदू कैलेंडर के प्रत्येक महीने का समापन पूर्णिमा तिथि के साथ होता है. इसमें भी सावन माह की पूर्णिमा तिथि का विशेष महत्व बताया गया है. इसी दिन रक्षाबंधन का त्योहार भी मनाया जाता है. सावन पूर्णिमा के दिन बहनें भाई की सुख-समृद्धि और रक्षा के लिए उसकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती हैं. सावन पूर्णिमा तिथि पर व्रत-पूजा का भी विधान बताया गया है. मान्यता है कि इस दिन व्रत रखकर पूजा-पाठ करने से घर की सुख-समृद्धि बनी रहती है.
इस साल सावन पूर्णिमा पर चंद्र ग्रहण लगने वाला है. इसलिए सावन पूर्णिमा तिथि को लेकर लोगों में बहुत कन्फ्यूजन है. कोई 27 अगस्त तो कोई 28 अगस्त को पूर्णिमा बता रहा है. आइए पूर्णिमा की सही तिथि जानते हैं.
सावन पूर्णिमा 2026 कब है?
हिंदू पंचांग के अनुसार, 2026 में सावन पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त को सुबह 9 बजकर 08 मिनट पर शुरू होगी. पूर्णिमा तिथि का समापन 28 अगस्त को सुबह 9 बजकर 48 मिनट पर होगा. जब पूर्णिमा तिथि दो दिनों रहती है, तब व्रत के लिए उस दिन को महत्व दिया जाता है, जिस दिन पूर्ण चंद्रमा का उदय होता है. ऐसे में सावन पूर्णिमा का व्रत तो 27 अगस्त को रखा जाएगा, लेकिन उसका पारण 28 अगस्त को किया जाना ही उचित है. इसके अलावा, रक्षाबंधन का त्योहार भी 28 अगस्त को ही मनाया जाएगा.
सावन पूर्णिमा पर चंद्रोदय का समय
सावन पूर्णिमा व्रत के दिन चंद्रमा का उदय शाम 6 बजकर 34 मिनट पर होगा. हालांकि विभिन्न शहरों में इसकी समय थोड़ा ऊपर-नीचे रह सकते हैं. पूर्णिमा पर चंद्रमा अपने पूर्ण स्वरूप में दिखाई देता है. इस समय चंद्र देव की पूजा और उन्हें अर्घ्य देने का विशेष महत्व बताया गया है. व्रत रखने वाले श्रद्धालु चंद्रोदय के बाद चंद्रमा की पूजा कर सकते हैं.
भगवान विष्णु और चंद्र देव की पूजन विधि
पूर्णिमा व्रत में भगवान विष्णु के साथ चंद्रदेव की पूजा करने की परंपरा है. पूर्णिमा का उपवास रखने और विधि-विधान से पूजा करने से व्यक्ति को पुण्य की प्राप्ति होती है. साथ ही जाने-अनजाने में हुए पापों से मुक्ति मिलने की मान्यता है. पूर्णिमा व्रत का उल्लेख स्कंद पुराण, पद्म पुराण, नारद पुराण, भविष्य पुराण और महाभारत जैसे धार्मिक ग्रंथों में भी मिलता है. सावन पूर्णिमा व्रत रखने वाले श्रद्धालु चंद्रोदय के बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत खोल सकते हैं. यानी 27 अगस्त को शाम 6:34 बजे चंद्रमा के उदय के बाद पूजा-अर्चना और अर्घ्य देने के पश्चात पारण किया जा सकता है.
aajtak.in