Papankusha Ekadashi Vrat October 2026: हिंदू धर्म में एकादशी व्रत का खास महत्व है. यह दिन भगवान विष्णु को समर्पित माना जाता है. हर महीने दो एकादशी आती हैं, दोनों का अपना अलग धार्मिक महत्व है. बता दें अश्विन महीने के शुक्ल पक्ष में आने वाली एकादशी को पापांकुशा एकादशी कहा जाता है. मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु की पूजा करने से पापों से मुक्ति मिलती है. इसके अलावा इस दिन जरूरतमंदों को दान देना भी शुभ माना जाता है. आइए जानते हैं, अक्टूबर में कब रखा जाएगा पापांकुशा एकादशी का व्रत और क्या है पूजा का शुभ मुहूर्त.
पापांकुशा एकादशी 2026 तिथि
द्रिक पंचांग के अनुसार, अश्विन महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 21 अक्टूबर को दोपहर 2 बजकर 11 मिनट पर शुरू होगी. इसका समापन 22 अक्टूबर को दोपहर 2 बजकर 47 मिनट पर होगा. ऐसे में उदया तिथि के अनुसार पापांकुशा एकादशी का व्रत 22 अक्टूबर 2026, गुरुवार को रखा जाएगा. इस दिन भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी की भी पूजा की जाती है.
पापांकुशा एकादशी 2026 शुभ मुहूर्त
पापांकुशा एकादशी के दिन भगवान विष्णु की पूजा के लिए अभिजीत मुहूर्त सुबह 11 बजकर 43 मिनट से दोपहर 12 बजकर 28 मिनट तक रहेगा. इस समय भक्त भगवान विष्णु की पूजा कर सकते हैं. पूजा के दौरान भगवान को फल, फूल और तुलसी दल अर्पित करें. इसके साथ ही पूजा के अंत में भगवान विष्णु के मंत्रों का जाप करें और आरती करना न भूलें.
पापांकुशा एकादशी का महत्व
पापांकुशा एकादशी को पापों से मुक्ति दिलाने वाली तिथि माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु की पूजा करने से जीवन में सुख-शांति बनी रहती है. इस दिन व्रत रखने के साथ भगवान विष्णु की कथा सुनना भी शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इससे मन को शांति मिलती है. नकारात्मक विचार दूर होते हैं. पापांकुशा एकादशी पर जरूरतमंदों को भोजन, कपड़े और धन का दान करना भी पुण्यदायी माना जाता है.
aajtak.in