Nirjala Ekadashi 2026: निर्जला एकादशी हिंदू धर्म का सबसे बड़ा और पुण्य देने वाला व्रत माना जाता है. इस साल यह पावन तिथि 25 जून 2026 को मनाई जा रही है. भगवान विष्णु को समर्पित इस दिन तुलसी की पूजा करना बेहद शुभ फलदायी होता है, क्योंकि तुलसी को साक्षात मां लक्ष्मी का रूप माना गया है. अगर आप अपने जीवन में आर्थिक तंगी, मानसिक तनाव या नकारात्मकता से परेशान हैं, तो निर्जला एकादशी पर तुलसी के ये आसान उपाय आपकी मदद कर सकते हैं.
आर्थिक उन्नति के लिए सरल उपाय
अगर आप धन की कमी से जूझ रहे हैं, तो एकादशी के दिन ये उपाय करें:
तिजोरी में रखें तुलसी की मिट्टी: एकादशी के दिन तुलसी के पौधे की जड़ की थोड़ी सी मिट्टी लें. इसे एक साफ लाल कपड़े में बांधकर अपनी तिजोरी या पैसे रखने वाली जगह पर रख दें. माना जाता है कि ऐसा करने से घर में बरकत आती है.
घी का दीपक: शाम के समय तुलसी के पास शुद्ध देसी घी का दीपक जलाएं. दीपक जलाते समय 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का मन ही मन जाप करें. इससे घर का वास्तु दोष दूर होता है.
नकारात्मकता दूर करने के उपाय
सूखी तुलसी का सही उपयोग: अगर घर में तुलसी का पौधा सूख गया है, तो उसे बेकार समझकर न फेंकें. उसकी सूखी जड़ों को साफ करके एक लाल कपड़े में बांध कर इसे अपने घर के मुख्य दरवाजे (मेन गेट) पर टांग दें. यह उपाय बुरी नजर और नकारात्मक ऊर्जा को घर के अंदर आने से रोकता है.
जल का अर्घ्य: एकादशी के दिन तुलसी पर थोड़ा सा कच्चा दूध और जल अर्पित करें. यह मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने का सबसे आसान तरीका है.
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
निर्जला एकादशी का व्रत बिना जल और अन्न के किया जाता है. अगर आप स्वास्थ्य के कारण व्रत नहीं रख पा रहे हैं, तो भी सात्विक भोजन ही लें. इस दिन कुछ विशेष सावधानियां बरतनी जरूरी हैं.
तुलसी न तोड़ें: एकादशी के दिन तुलसी के पत्ते बिल्कुल नहीं तोड़ने चाहिए. पूजा के लिए पत्ते एक दिन पहले ही तोड़कर रख लेने चाहिए.
क्रोध से बचें: इस दिन घर में शांति बनाए रखें. लड़ाई-झगड़े, झूठ बोलने या किसी का अपमान करने से बचें.
दान का महत्व: अपनी क्षमता के अनुसार इस दिन जल, फल या वस्त्रों का दान जरूर करें. निर्जला एकादशी पर किया गया दान अक्षय फल देता है.
aajtak.in