Krishna Janmashtami 2026 Live Updates: आज देशभर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है. वहीं, आज सुबह ही शुरुआत मंगला आरती के साथ की गई. भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर सबसे खास रौनक उनकी जन्मभूमि मथुरा और कर्मभूमि मानी जाने वाली द्वारका में देखने को मिल रही है. इसके अलावा वृंदावन, बद्रीनाथ धाम, दिल्ली समेत देश के कई प्रमुख कृष्ण मंदिरों में भजन-कीर्तन और विशेष पूजा की तैयारियां की गई हैं.
मथुरा-वृंदावन से लेकर द्वारका, बद्रीनाथ, दिल्ली और देश के दूसरे हिस्सों तक मंदिरों में विशेष सजावट की गई है. कहीं रंग-बिरंगी रोशनी से मंदिर जगमगा रहे हैं तो कहीं फूलों से भगवान का भव्य श्रृंगार किया गया है. भक्तों को अब उस खास घड़ी का इंतजार है, जब मध्यरात्रि में लड्डू गोपाल का जन्मोत्सव मनाया जाएगा और चारों तरफ 'नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की' के जयकारे गूंज उठेंगे. वहीं, आज सुबह से ही देशभर के सभी मंदिरों में भगवान कृष्ण और राधा रानी का पूजन शुरू हो चुका है.
भारत के सभी मंदिरों में जन्माष्टमी का उत्साह
कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आज राजस्थान के जयपुर स्थित गोविंद देव जी मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है.
वहीं, जन्माष्टमी पर आज सुबह से ही मथुरा में भक्तों का तांता लग गया है. इसके अलावा, यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि आज मथुरा और वृंदावन देश-दुनिया से 75 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचेंगे. इतनी बड़ी संख्या में आने वाले भक्तों को देखते हुए शहर में खास इंतजाम किए गए हैं.
इसके अलावा, नोएडा स्थित इस्कॉन मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों का उत्साह देखने को मिल रहा है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और मंगला आरती में शामिल होने के लिए मंदिर पहुंचे.
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में कृष्ण जन्माष्टमी से पहले भव्य शोभायात्रा निकाली गई. सनातन सभा उधमपुर की ओर से आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. खास बात यह रही कि सैकड़ों छोटे बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी का रूप धारण कर शोभायात्रा में शामिल हुए. शहर की सड़कों पर रंग-बिरंगी झांकियां निकाली गईं, जिनमें भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी विभिन्न लीलाओं को दर्शाया गया. स्थानीय संस्थाओं और धार्मिक संगठनों की ओर से तैयार की गई इन झांकियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया. भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच पूरा उधमपुर कृष्ण भक्ति के रंग में रंगा नजर आया.
नेपाल में आई बाढ़ के बावजूद काठमांडू में कृष्ण जन्माष्टमी का उत्साह देखने को मिला. इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु कृष्ण मंदिर पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की. भक्तों ने मंदिर में सुख, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की. बाढ़ से पैदा हुई मुश्किलों के बीच भी लोगों की आस्था और भक्ति कम नहीं हुई. जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला.
aajtak.in