Grahan In August 2026: आज से सावन के पवित्र महीने की शुरुआत हो चुकी है और 1 दिन बाद अगस्त का महीना भी शुरू हो जाएगा. ज्योतिषियों के मुताबिक, सावन और अगस्त का महीना इस बार बहुत ही विशेष माना जा रहा है. दरअसल, इस अगस्त के महीने में 16 दिनों के अंतराल में 2 बड़े ग्रहण लगने जा रहे है, सूर्य ग्रहण और चंद्र ग्रहण.
ज्योतिष शास्त्र में सूर्य ग्रहण और चंद्र ग्रहण दोनों को ही अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रभावशाली आकाशीय घटना माना गया है. वैदिक ज्योतिष के अनुसार, इन ग्रहणों का प्रभाव केवल पृथ्वी के मौसम या पर्यावरण पर ही नहीं, बल्कि मानव जीवन, मानसिक स्थिति, देश-दुनिया की राजनीति और अर्थव्यवस्था पर भी गहरा पड़ता है.
पहला पूर्ण सूर्य ग्रहण
यह सूर्य ग्रहण 12 अगस्त 2026, बुधवार को लगेगा. जो कि यूरोप, ग्रीनलैंड, आइसलैंड और रूस के कुछ हिस्सों में दिखाई देगा. लेकिन, भारत में यह सूर्य ग्रहण दृश्यमान नहीं होगा.
आंशिक चंद्र ग्रहण
दूसरा है चंद्र ग्रहण जो कि 28 अगस्त 2026, शुक्रवार को लगेगा. यह ग्रहण दुनिया के कई हिस्सों में दिखेगा. लेकिन, भारत में यह चंद्र ग्रहण भी नजर नहीं आएगा.
सूतक काल और धार्मिक मान्यताएं
धार्मिक और शास्त्र सम्मत मान्यताओं के अनुसार, ग्रहण का सूतक काल केवल उसी स्थान पर मान्य होता है जहां वह प्रत्यक्ष रूप से दिखाई देता है. चूंकि, ये दोनों ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देंगे, इसलिए यहां ना तो भारत में सूतक काल लागू होगा. पूजा-पाठ, मंदिर के दर्शन और दैनिक शुभ कार्यों पर कोई रोक-टोक नहीं रहेगी. लोग बिना किसी भय या पाबंदी के अपनी सामान्य दिनचर्या जारी रख सकते हैं.
ज्योतिषीय दृष्टिकोण और राशियों पर प्रभाव
भले ही ग्रहण भारत में न दिखे, लेकिन ज्योतिष शास्त्र के अनुसार सूर्य, चंद्रमा, राहु और केतु की स्थिति का असर सभी राशियों पर पड़ता है. यह समय कुछ राशियों के लिए नए अवसर लेकर आ सकता है, तो कुछ को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है.
मेष: कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं; फिजूलखर्ची से बचें.
वृषभ: पैसों के लेनदेन और आर्थिक मामलों में सतर्कता बरतें.
मिथुन: तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे, लेकिन कोई भी निर्णय जल्दबाजी में न लें.
कर्क: पारिवारिक मामलों और बजट के बीच संतुलन बनाए रखें.
सिंह: करियर में उन्नति और आगे बढ़ने के बेहतरीन मौके मिल सकते हैं.
कन्या: काम का दबाव बढ़ सकता है, धैर्य से काम लें और जल्दबाजी से बचें.
तुला: नए लोगों से संपर्क बनेंगे जो भविष्य में फायदेमंद साबित होंगे.
वृश्चिक: धन लाभ के योग हैं, लेकिन निवेश करने से पहले सोच-विचार अवश्य करें.
धनु: कार्य सिलसिले में यात्रा और नौकरी व व्यवसाय में बदलाव की संभावना है.
मकर: आपकी मेहनत का सकारात्मक फल मिलने का समय है.
कुंभ: करियर में नए और बेहतरीन अवसर मिल सकते हैं.
मीन: पैसों के लेन-देन और पारिवारिक विषयों में सावधानी जरूरी है.
aajtak.in