Falgun Purnima 2026: हिंदू धर्म में फाल्गुन पूर्णिमा का दिन बेहद पवित्र माना जाता है. इस दिन स्नान और दान करने से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है. साल 2026 में फाल्गुन पूर्णिमा पर आज चंद्र ग्रहण भी लग रहा है, जिससे इस दिन का महत्व और बढ़ गया है. ऐसे में सही समय और नियमों का पालन करना जरूरी हो जाता है.
चंद्र ग्रहण 2026 सूतक काल की टाइमिंग
3 मार्च 2026 यानी आज साल का पहला चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है. इसका सूतक काल सुबह 6 बजकर 20 मिनट से शुरू हो गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सूतक काल में कोई भी शुभ या मांगलिक कार्य नहीं किया जाता है और मंदिर या देवी-देवताओं की मूर्तियों को स्पर्श करने से भी बचना चाहिए.
चंद्र ग्रहण 2026 टाइमिंग
चंद्र ग्रहण दोपहर 3 बजकर 20 मिनट से शुरू होकर शाम 6 बजकर 47 मिनट तक रहेगा. वहीं इसका खग्रास चरण शाम 4 बजकर 34 मिनट से आरंभ होगा.
फाल्गुन पूर्णिमा स्नान-दान का शुभ मुहूर्त
द्रिक पंचांग के अनुसार, पूर्णिमा तिथि 2 मार्च की शाम 5 बजकर 55 मिनट से शुरू होकर 3 मार्च यानी आज शाम 5 बजकर 7 मिनट तक रहेगी. इस दिन स्नान-दान के लिए ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5 बजकर 19 मिनट से लेकर 6 बजकर 08 मिनट तक था. इसके बाद अब स्नान दान नहीं होगा क्योंकि चंद्रग्रहण के सूतक काल की शुरुआत हो चुकी है.
स्नान-दान के जरूरी नियम
- सूतक काल शुरू होने से पहले ही स्नान-दान करना शुभ माना जाता है.
- सफेद वस्तुओं जैसे चावल, दूध, दही या सफेद कपड़े का दान करना लाभकारी होता है.
- यदि संभव हो तो गंगा या किसी पवित्र नदी में स्नान करें, अन्यथा घर पर नहाते समय पानी में गंगाजल मिलाएं.
- ग्रहण समाप्त होने के बाद गरीब और जरूरतमंद लोगों को दान करना भी पुण्यदायी होता है.
- हमेशा शुभ मुहूर्त का ध्यान रखकर ही स्नान-दान करें, इससे अधिक फल प्राप्त होता है.
aajtak.in