करवाचौथ पर चांद की लुकाछुपी! दोस्तों-रिश्तेदारों को फोन कर हुई पूजा

चक्रवाती तूफान अर्णब और खराब मौसम के कारण दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, फरीदाबाद, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में बादलों ने आसमान ढक दिया, जिससे करवाचौथ पर चंद्र दर्शन में बाधा आई.

Advertisement
गुरुवार शाम बादलों के बीच निकला करवाचौथ का चांद गुरुवार शाम बादलों के बीच निकला करवाचौथ का चांद

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 30 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:53 AM IST

चक्रवाती तूफान 'अर्णब' और खराब मौसम के कारण दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, फरीदाबाद और मध्य प्रदेश समेत कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई. इसके चलते करवाचौथ का व्रत रखने वाली महिलाओं को चांद के दीदार के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा.

हालांकि, बाद में मौसम साफ होने पर गुवाहाटी और मुंबई समेत देश के कई अन्य हिस्सों में बादलों के बीच चांद नजर आया. वहीं, दिल्ली में कई महिलाओं ने दूसरे शहरों में रहने वाले रिश्तेदारों को वीडियो कॉल करके चांद के दर्शन किए और अपना व्रत खोला. राजस्थान के अलवर में चांद देखने के लिए फ्लाईओवर पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई.

Advertisement

दिल्ली में वीडियो कॉल पर चांद देखकर खोला व्रत

राजधानी दिल्ली में करवाचौथ के दिन आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में लगातार बारिश होती रही. इसके चलते चांद निकलने का निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी महिलाओं को चंद्रमा के दर्शन नहीं हो सके. ऐसे में व्रत रखने वाली कई महिलाओं ने तकनीक का सहारा लिया और वीडियो कॉल पर चांद देखकर पूजा की.

दिल्ली में जिन महिलाओं को बादलों के कारण चांद नहीं दिखाई दिया, उन्होंने उन शहरों में रहने वाले अपने रिश्तेदारों से संपर्क किया, जहां चंद्रमा नजर आ रहा था.

बीजेपी सांसद मनोज तिवारी और उनकी पत्नी सुरभि तिवारी की वीडियो भी सामने आई है, जिसमें वह फोन में फोटो देखकर चांद की पूजा करते हुए व्रत संपन्न कर रहे हैं.

इसी तरह अन्य लोगों ने भी वीडियो कॉल और ग्रुप वीडियो कॉल के जरिए चांद के दर्शन किए गए. कई महिलाओं ने मोबाइल स्क्रीन पर दिखाई दे रहे चंद्रमा की पूजा कर करवाचौथ का व्रत खोला.

Advertisement

अलवर में चांद देखने के लिए फ्लाईओवर पर लगी लंबी कतार

राजस्थान के अलवर में भी करवाचौथ के मौके पर खराब मौसम और बारिश के कारण चांद दिखाई देने में देरी हुई. शहर के कई इलाकों में चंद्रमा नजर नहीं आया. ऐसे में बड़ी संख्या में महिलाएं अपने परिवार के साथ तिजारा फाटक स्थित फ्लाईओवर पर पहुंच गईं.

फ्लाईओवर पर चांद का दीदार करने के लिए गाड़ियों की लंबी कतार लग गई. महिलाएं अपने परिवार के सदस्यों के साथ वहां पहुंचीं और चांद दिखाई देने के बाद उसे अर्घ्य देकर अपना व्रत खोला. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

बादलों के साथ चांद की लुकाछिपी

चक्रवाती तूफान अर्णब के असर से हुई बारिश और आसमान में छाए बादलों के बीच करवाचौथ पर चंद्र दर्शन करना मुश्किल हो गया. कई जगहों पर चांद बादलों के साथ लुकाछिपी करता नजर आया. लंबे इंतजार के बावजूद चंद्रमा दिखाई नहीं देने पर कुछ महिलाओं ने मोबाइल फोन पर चांद की तस्वीर देखकर व्रत खोला.

वहीं, गुवाहाटी और मुंबई समेत देश के कई हिस्सों में मौसम साफ होने के बाद बादलों के बीच चांद नजर आया. इस तरह बारिश और खराब मौसम के बावजूद महिलाओं ने अलग-अलग तरीकों से चांद के दर्शन कर करवाचौथ का पर्व मनाया.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »