टोंक के मालपुरा में एक शादी समारोह के दौरान मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया. जान बचाने के लिए कई लोग स्विमिंग पूल में कूद गए. करीब 20 लोग हमले का शिकार हुए, जिनमें 12 को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दुल्हन के भाई और भाभी की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना का वीडियो भी सामने आया है. शादी में आए ऐसे बिन बुलाए मेहमान,जान बचाने के लिए लोग स्विमिंग पूल में कूदे, कोई कार में हुआ बंद
राजस्थान के टोंक में मालपुरा कस्बे में एक शादी समारोह उस समय अफरातफरी में बदल गया, जब मधुमक्खियों ने अचानक मेहमानों पर हमला कर दिया. घटना अजमेर रोड स्थित श्याम रिसोर्ट में दोपहर बाद हुई, जहां मालपुरा निवासी और थोक किराना व्यवसायी शंभू दयाल विजय के रिश्तेदार विवाह कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे.
शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदली, अचानक हमले से मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि रिसोर्ट परिसर में बड़े आकार के मधुमक्खियों के तीन छत्ते लगे हुए थे. अचानक इन छत्तों से निकली मधुमक्खियों ने महिलाओं, पुरुषों और बच्चों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. देखते ही देखते समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
स्थिति इतनी भयावह हो गई कि कई महिला और पुरुष खुद को बचाने के लिए रिसोर्ट के स्विमिंग पूल में कूद पड़े. हालांकि पानी में उतरने के बाद भी मधुमक्खियों का हमला थमा नहीं. जैसे ही लोग पानी से बाहर निकले, मधुमक्खियां फिर से उन पर टूट पड़ीं. कुछ लोगों ने कमरों में घुसकर दरवाजे बंद किए, तो कुछ ने कारों में बैठकर किसी तरह अपनी जान बचाई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कारों के अंदर बैठने तक भी मधुमक्खियां हमला करती रहीं.
रिसोर्ट प्रबंधन पर उठे सवाल, तीन बड़े छत्तों ने बरपाया कहर
इस हमले में करीब 20 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 12 महिला, पुरुष और बच्चों को मालपुरा के दो निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई. भर्ती मरीजों में दुल्हन के भाई और भाभी की हालत गंभीर बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार दुल्हन की भाभी के कान के भीतर तक मधुमक्खियां घुस गई थीं, जिससे उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मधुमक्खियों को लोगों पर हमला करते हुए देखा जा सकता है. फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और घटना के बाद रिसोर्ट प्रबंधन पर भी सवाल उठ रहे हैं कि इतने बड़े छत्तों को पहले क्यों नहीं हटाया गया.
मनोज तिवारी