साइड मांगने पर विवाद, दबंगों ने देवर और गर्भवती भाभी को बेरहमी से पीटा- VIDEO

कोटपूतली-बहरोड़ में एक मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. जहां दबंगों ने बीच सड़क देवर-भाभी की पिटाई कर दी. जिससे गर्भवती भाभी की हालत गंभीर हो गई है. यह घटना पास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई.

Advertisement
दबंगों ने देवर-भाभी को बुरी तरह पीटा. (Photo: Screengrab) दबंगों ने देवर-भाभी को बुरी तरह पीटा. (Photo: Screengrab)

हिमांशु शर्मा

  • कोटपूतली-बहरोड़,
  • 08 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:39 AM IST

राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ में बानसूर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां मामूली विवाद के बाद कुछ दबंग युवकों ने एक देवर और उसकी गर्भवती भाभी पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में गर्भवती महिला के पेट में गंभीर चोटें आई हैं, जिससे उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Advertisement

पीड़ित युवक अपनी गर्भवती भाभी को अस्पताल में स्वास्थ्य जांच कराने के बाद बाइक से घर लौट रहा था. अलवर रोड बाईपास पर साइड लेने के दौरान युवक ने आगे चल रहे बाइक सवारों को हॉर्न दिया. बस इतनी सी बात पर बाइक सवार युवक आगबबूला हो गए और उन्होंने देवर-भाभी का रास्ता रोक लिया. प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित के बयान के अनुसार शुरुआत में बाइक सवार युवकों ने देवर के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू की. इसके बाद उन्होंने फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया.

यह भी पढ़ें: होटल के बाहर युवती की पिटाई, बिलासपुर में युवक ने बीच सड़क लात-घूंसों से पीटा- VIDEO

कुछ ही देर में एक सफेद स्विफ्ट कार और एक अन्य बाइक पर सवार होकर 4-5 हमलावर वहां पहुंचे. आरोप है कि इन युवकों ने मिलकर दोनों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. बीच-बचाव करने आई गर्भवती महिला को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा. मारपीट के दौरान महिला के पेट पर गंभीर चोट लगने से वह सड़क पर ही तड़पने लगी और बेहोश हो गई.

Advertisement

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

यह पूरी वारदात पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह हमलावर निहत्थे देवर-भाभी पर टूट पड़े. हालांकि स्थानीय लोगों की बढ़ती भीड़ देखते हमलावर मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही बानसूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से आरोपियों की स्विफ्ट कार और बाइक को जब्त कर लिया है. वहीं घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां महिला का उपचार जारी है.

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है. जब्त वाहनों के नंबरों के आधार पर हमलावरों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement