जयपुर में कचौड़ी खाने के लिए रुके एक कलेक्शन एजेंट से दो स्कूटर सवार बदमाश 20 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए. हैरानी की बात यह रही कि बैग लूटने के बाद पीड़ित बदमाशों के पीछे दौड़ पड़ा, लेकिन उस वक्त भी उसके हाथ में कचौरी की प्लेट थी. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
पीड़ित की पहचान चंपालाल के रूप में हुई है. वह अपनी स्कूटर खड़ी करके कचौड़ी खाने के लिए रुका था. इसी दौरान हेलमेट पहने दो बदमाश स्कूटर से पीछे की तरफ से आए. चंपालाल के स्कूटर के फुटबोर्ड पर एक बैग रखा हुआ था, जिसमें करीब 20 लाख रुपये की नकदी थी.
बदमाशों ने मौका देखते ही स्कूटर के फुटबोर्ड से नकदी से भरा बैग उठाया और तेजी से वहां से भागने लगे. चंपालाल ने उन्हें देख लिया और तुरंत उनके पीछे दौड़ पड़ा. हालांकि, वह अपना स्कूटर छोड़कर पैदल ही बदमाशों का पीछा करने लगा. इस दौरान उसके हाथ में कचौड़ी की प्लेट भी थी. पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. फुटेज में दोनों बदमाश स्कूटर से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि चंपालाल उनके पीछे पैदल दौड़ रहा है.
पुलिस ने शुरू की बदमाशों की तलाश
घटना के बाद चंपालाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर नाहरगढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है. पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.
विशाल शर्मा