Rajasthan News: अलवर के औद्योगिक क्षेत्र MIA स्थित हैवेल्स कंपनी के मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है. मंगलवार को मजदूरों ने कंपनी के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया और कामकाज बंद कर हड़ताल पर बैठ गए. मजदूरों के अचानक विरोध प्रदर्शन से कंपनी प्रबंधन में हलचल मच गई.
मजदूरों का कहना है कि उन्हें दिवाली का बोनस नहीं दिया गया. इसके अलावा जूते के नाम पर उनके वेतन से पैसे काटे जा रहे हैं. बस सुविधा उपलब्ध नहीं होने के बावजूद बस सुविधा के नाम पर भी उनके वेतन से कटौती की जा रही है. मजदूरों ने 12 घंटे की ड्यूटी के बजाय 8 घंटे की शिफ्ट लागू करने की मांग उठाई है.
इन मांगों को लेकर मजदूर कंपनी के मुख्य द्वार पर बैठ गए और अपनी मांगें पूरी होने तक विरोध जारी रखने की बात कही. कंपनी में काम करने वाले श्रमिकों ने कंपनी पर आरोप लगाए उन्होंने कहा कि दिवाली के मौके पर न ही उनका समय पर वेतन मिलता है और न ही बोनस दिया जाता है.
कंपनी की ओर से दी जाने वाली मिठाई भी खराब क्वालिटी की होती है. न ही कंपनी की तरफ से कर्मचारियों को कोई गिफ्ट दिया जाता है. ऐसे में उनकी दिवाली अच्छी नहीं मन पाती है. हर साल वेतन बढ़ाने की वादे किए जाते हैं, लेकिन सालों से श्रमिकों का वेतन नहीं बढ़ा है.
ऐसे में यहां काम करने वाले श्रमिकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है. हड़ताल के चलते कंपनी में कामकाज प्रभावित होने की स्थिति बन गई है. देखें VIDEO:-
इधर, मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मजदूरों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है. प्रशासन की ओर से मजदूरों और कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत करवाकर मामले का समाधान निकालने के प्रयास जारी हैं. फिलहाल मजदूर अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं.
हिमांशु शर्मा