राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक किराए के मकान में रह रहे परिवार ने सामूहिक रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया. इस दर्दनाक घटना में 30 वर्षीय महिला और उसकी 13 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 वर्षीय मासूम बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है.
जानकारी के अनुसार, यह परिवार मूल रूप से गोलूवाला का रहने वाला है और पल्लू में किराए के मकान में रह रहा था. अज्ञात कारणों के चलते 30 वर्षीय सुमन ने अपनी 13 वर्षीय बेटी रितिका और 7 वर्षीय पुत्र गीतेश के साथ फांसी का फंदा लगा लिया. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
मां ने बच्चों संग उठाया खौफनाक कदम
घटना में सुमन और उसकी बेटी रितिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं 7 वर्षीय गीतेश को पुलिस ने समय रहते फंदे से नीचे उतारा और तुरंत अस्पताल पहुंचाया. हनुमानगढ़ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए गंगानगर रेफर कर दिया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही पल्लू थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम और मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट को भी बुलाया गया. पुलिस द्वारा बारीकी से जांच की जा रही है ताकि घटना के हर पहलू को समझा जा सके.
अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अभी तक आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में महिला ने अपने बच्चों के साथ इतना बड़ा कदम उठाया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है. फिलहाल पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है. यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग स्तब्ध हैं.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
गुलाम नबी