विदेश से MBBS, भारत में फेल, फिर 24 लाख देकर फर्जी FMG सर्टिफिकेट से बन गया डॉक्टर

राजस्थान एसओजी ने विदेश से एमबीबीएस करने वाले एक और डॉक्टर को फर्जी एफएमजी सर्टिफिकेट के जरिए मेडिकल प्रैक्टिस का अधिकार हासिल करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. जांच में अब तक 100 से ज्यादा संदिग्धों की पहचान हो चुकी है. इस मामले में राजस्थान मेडिकल काउंसिल के पूर्व रजिस्ट्रार समेत 28 लोगों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है.

Advertisement
फर्जी FMG सर्टिफिकेट के सहारे बना डॉक्टर. (Photo: Representational) फर्जी FMG सर्टिफिकेट के सहारे बना डॉक्टर. (Photo: Representational)

शरत कुमार

  • जयपुर ,
  • 06 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:21 PM IST

विदेश से एमबीबीएस की पढ़ाई करने के बाद फर्जी एफएमजी सर्टिफिकेट के जरिए भारत में डॉक्टर बनने के मामले में राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एक और आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है. एसओजी की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कई बार एफएमजी स्क्रीनिंग परीक्षा में असफल होने के बाद 24 लाख रुपये देकर फर्जी सर्टिफिकेट बनवाया और उसी के आधार पर इंटर्नशिप करने के साथ राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण भी करा लिया.

Advertisement

एसओजी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि फर्जी एफएमजी स्क्रीनिंग परीक्षा प्रमाणपत्रों के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण कराने के मामले में एसओजी थाना जयपुर में 4 फरवरी 2026 को मामला दर्ज किया गया था. इस मामले में धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक साजिश समेत कई धाराओं में जांच की जा रही है.

जांच में खुला बड़ा नेटवर्क

एसओजी की जांच के दौरान सामने आया कि विदेश से एमबीबीएस करने वाले कई छात्र भारत में मेडिकल प्रैक्टिस करने के लिए जरूरी एफएमजी स्क्रीनिंग परीक्षा पास नहीं कर सके थे. इसके बाद उन्होंने भानाराम नाम के व्यक्ति के जरिए फर्जी एफएमजी सर्टिफिकेट बनवाए.

आरोप है कि इन फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल के कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों की मिलीभगत से इन लोगों का पंजीकरण कराया गया. इसके बाद कई लोगों ने राजस्थान के अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप भी पूरी कर ली.

Advertisement

100 से ज्यादा संदिग्धों की पहचान

एसओजी के महानिरीक्षक अजयपाल लाम्बा, उप महानिरीक्षक भुवन भूषण यादव और पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया के निर्देशन में चल रही जांच में अब तक विदेश से एमबीबीएस करने वाले 100 से अधिक संदिग्धों की पहचान की जा चुकी है. इस मामले में राजस्थान मेडिकल काउंसिल के तत्कालीन रजिस्ट्रार समेत अब तक कुल 28 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

कजाकिस्तान से किया था MBBS

इस मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान डीग जिले के गोपालगढ़ निवासी 27 वर्षीय चरण सिंह के रूप में हुई है. एसओजी के अनुसार, चरण सिंह ने वर्ष 2017 से 2022 के बीच कजाकिस्तान के अल्माटी विश्वविद्यालय से एमबीबीएस की पढ़ाई की थी. भारत लौटने के बाद उसने राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीई) द्वारा आयोजित एफएमजी स्क्रीनिंग परीक्षा कई बार दी, लेकिन वह सफल नहीं हो सका.

जांच में सामने आया कि परीक्षा में सफल नहीं होने के बाद चरण सिंह ने कजाकिस्तान में अपने साथ पढ़ने वाले नफीस खान के माध्यम से 24 लाख रुपये देकर फर्जी एफएमजी सर्टिफिकेट तैयार कराया. आरोप है कि इसी फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर उसने राजकीय मेडिकल कॉलेज धौलपुर में इंटर्नशिप की.

नफीस खान ने भी बनवाया था फर्जी सर्टिफिकेट

एसओजी के अनुसार, आरोपी नफीस खान ने भी अपना फर्जी एफएमजी सर्टिफिकेट तैयार कराया था. उसने जून 2023 की एफएमजी परीक्षा का कूटरचित प्रमाणपत्र बनवाकर इंटर्नशिप पूरी की और मई 2024 में राजस्थान मेडिकल काउंसिल के तत्कालीन रजिस्ट्रार डॉ. राजेश शर्मा की कथित मिलीभगत से अपना प्रोविजनल रजिस्ट्रेशन भी हासिल कर लिया.

Advertisement

पहले भी हो चुकी हैं कई गिरफ्तारियां

एसओजी ने बताया कि इस मामले में पहले ही फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर इंटर्नशिप और पंजीकरण कराने वाले विदेश से एमबीबीएस करने वाले 23 डॉक्टरों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इसके अलावा राजस्थान मेडिकल काउंसिल के तत्कालीन रजिस्ट्रार डॉ. राजेश शर्मा, यूडीसी अखिलेश माथुर, एलडीसी फरहान हसन, मुख्य आरोपी भानाराम माली और एक दलाल को भी गिरफ्तार किया जा चुका है.

20 से 30 लाख रुपये में होता था पूरा खेल

जांच एजेंसी के मुताबिक मुख्य आरोपी भानाराम माली, शुभम गुर्जर और इन्द्रराज गुर्जर फर्जी एफएमजी सर्टिफिकेट तैयार कराने और राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण कराने के लिए प्रत्येक शख्स से 20 से 30 लाख रुपये तक वसूलते थे.

एसओजी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस फर्जीवाड़े से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »