राजस्थान के धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र के लूला का पुरा गांव में 27 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर फोन पर लगातार परेशान किए जाने से तंग आकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका के पति ने नामजद आरोपी युवक के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया है और पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर जांच शुरू कर दी है.
मृतका की पहचान प्रीति के रूप में हुई है. पति नीरज के अनुसार, गांव निवासी राहुल पुत्र रामवीर कुशवाहा पिछले दो साल से प्रीति को मोबाइल फोन पर कॉल कर परेशान कर रहा था और उसे धमकी देता था. परिवार और ससुराल पक्ष ने कई बार आरोपी के पिता से बात कर उसे समझाने की कोशिश भी की, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया.
यह भी पढ़ें: 1 मंच, 3 धर्म और 66 जोड़े... धौलपुर के सामूहिक विवाह में गरीब-अनाथ बेटियों की धूमधाम से हुई शादी
रिपोर्ट के अनुसार, 6 अप्रैल को आरोपी ने प्रीति के मोबाइल पर करीब दस बार कॉल किए और धमकी दी. इसके बाद प्रीति ने घर के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली.
लगातार दबाव और परिवार को दी थी जानकारी
बताया गया कि आरोपी राहुल प्रीति पर मिलने और प्यार करने का दबाव बनाता था. शुरुआत में प्रीति ने उसकी बातों को नजरअंदाज किया, लेकिन जब परेशानियां बढ़ीं तो उसने परिवार को इसकी जानकारी दी.
परिजनों द्वारा समझाने के बावजूद आरोपी की हरकतें जारी रहीं. आखिरकार लगातार तनाव से परेशान होकर प्रीति ने आत्मघाती कदम उठा लिया. मृतका अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गई है. उसकी शादी करीब दस साल पहले नीरज कुशवाहा से हुई थी.
पुलिस ने शुरू की जांच
मनियां थाना एसएचओ नीरज शर्मा ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर मनियां सीएचसी में पोस्टमार्टम कराया गया है. पति की शिकायत पर एक युवक के खिलाफ प्रीति को परेशान करने का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
उमेश मिश्रा