राजस्थान के धौलपुर जिले में बसेड़ी थाना क्षेत्र के गांव नहने का पुरा में गुरुवार देर शाम अचानक आई तेज आंधी ने बड़ा हादसा हो गया. तेज हवाओं के बीच एक टीनशेड की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके नीचे पांच लोग दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया.
सभी घायलों को पहले बसेड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां से तीन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया और लोग देर रात तक घटनास्थल पर जुटे रहे.
यह भी पढ़ें: धौलपुर: कूनो से निकलकर राजस्थान पहुंचा चीता, दो दिन में दो मवेशियों का किया शिकार, वन विभाग अलर्ट मोड पर
बकरियां चराकर लौट रहे थे ग्रामीण, अचानक हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, समय सिंह, रामफूल, जयसिंह, रामरूप और दिलीप अपने बकरियां चराकर लौट रहे थे. सभी लोग तेज आंधी से बचने के लिए टीनशेड के नीचे खड़े हो गए थे, लेकिन उसी दौरान दीवार अचानक गिर पड़ी और सभी मलबे में दब गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया. प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य तेज किया गया. हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है.
इलाज के दौरान दो लोगों की मौत, गांव में मातम
इलाज के दौरान देर रात समय सिंह और रामफूल की मौत हो गई. दोनों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया था, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी. वहीं एक अन्य घायल का इलाज अभी भरतपुर के सरकारी अस्पताल में जारी है.
हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है. ग्रामीणों का कहना है कि अचानक बदले मौसम ने यह बड़ा हादसा कर दिया. तेज आंधी और बारिश के कारण पूरे जिले में मौसम सुहावना जरूर हुआ, लेकिन इस घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं.
उमेश मिश्रा