दौसा में ‘दृश्यम’ जैसी साजिश का खुलासा, 6 साल बाद खुला हत्या का राज

राजस्थान के दौसा में 6 साल पहले लापता हुए 4 साल के प्रिंस उर्फ टिल्लू की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. आरोप है कि चचेरे भाई-बहनों ने ही उसकी हत्या कर शव को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के नीचे दफना दिया. पुलिस GPR मशीन से स्कैनिंग कर खुदाई कर रही है, हालांकि अभी तक शव बरामद नहीं हुआ है.

Advertisement
एक्सप्रेसवे के नीचे दफनाया गया था मासूम का शव (Photo: Screengrab) एक्सप्रेसवे के नीचे दफनाया गया था मासूम का शव (Photo: Screengrab)

शरत कुमार

  • दौसा,
  • 27 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 4:46 PM IST

राजस्थान के दौसा जिले में छह साल पुराने एक सनसनीखेज मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. बांदीकुई थाना क्षेत्र के उनबड़ागांव में 16 अप्रैल 2020 को चार वर्षीय प्रिंस उर्फ टिल्लू लापता हो गया था. परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन वर्षों तक उसका कोई सुराग नहीं मिला.

अब इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में सामने आया कि बच्चे की हत्या उसी दिन उसके चचेरे भाई-बहनों ने कर दी थी. बताया जा रहा है कि परिजनों और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसके चलते मासूम को निशाना बनाया गया. लोग इस मामले को दृश्यम फिल्म जैसा बता रहे हैं.

Advertisement

एक्सप्रेसवे के नीचे दफनाया गया था मासूम का शव

आरोप है कि हत्या के बाद शव को दो दिन तक घर में छिपाकर रखा गया और फिर रात के समय दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास दफना दिया गया. उस समय एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य चल रहा था और मिट्टी डाली जा रही थी. इसी का फायदा उठाकर शव को मिट्टी में दबा दिया गया. बाद में एक्सप्रेसवे तैयार हो गया.

GPR मशीन से हो रही स्कैनिंग, 9 दिन से जारी खुदाई

घटना का खुलासा होने के बाद पिछले नौ दिनों से पुलिस एक्सप्रेसवे के आसपास खुदाई कर रही है. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की मदद से ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार (GPR) मशीन मंगाई गई है, जिससे जमीन के अंदर की 3D स्कैनिंग की जा रही है. संभावित स्थान की पहचान के बाद खुदाई की जा रही है, लेकिन अब तक शव बरामद नहीं हुआ है.

Advertisement

हैरानी की बात यह है कि पिछले छह साल से आरोपी भाई-बहन परिवार के साथ घुलमिलकर रह रहे थे और बच्चे की तलाश में भी साथ जाते थे, ताकि किसी को शक न हो.

परिजन कर रहे फांसी की मांग, आरोपी भाई-बहन गिरफ्तार

मामले के खुलासे के बाद परिजनों में आक्रोश है. वो आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही शव बरामद करने और मामले को कानूनी अंजाम तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.

दृश्यम एक सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें एक आम आदमी अपने परिवार को बचाने के लिए चतुराई से कानून और पुलिस को गुमराह करता है. कहानी में दिमागी खेल, सबूतों की चालाकी और पारिवारिक सुरक्षा के लिए रची गई साजिश दिखाई गई है. 

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »