तीसरी बार भी बेटी हुई, पिता ने अस्पताल में ही गला घोंट दिया.. सन्न कर देगी राजस्थान की ये कहानी

राजस्थान के जयपुर से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर दिया. एक पिता ने सिर्फ इसलिए अपनी 13 घंटे की नवजात बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी, क्योंकि वह बेटे की उम्मीद कर रहा था. घटना जयपुर-दिल्ली हाइवे स्थित अस्पताल की है. आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
बच्ची का शव गोद में लेकर सिसकते रहे उसके दादा. (Photo: Screengrab) बच्ची का शव गोद में लेकर सिसकते रहे उसके दादा. (Photo: Screengrab)

विशाल शर्मा

  • जयपुर,
  • 30 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 12:35 PM IST

उस बच्ची ने इस दुनिया में आंखें खोले अभी 13 घंटे ही हुए थे. न उसने मां की गोद ठीक से देखी थी, न दुनिया को समझा था. बस रोना ही उसकी पहली भाषा थी. लेकिन उसी रोने ने अस्पताल के स्टाफ के सामने एक सवाल खड़ा कर दिया. रात करीब तीन बजे तक वार्ड में नवजात के रोने की आवाज आ रही थी. फिर अचानक सब कुछ शांत हो गया. पहले लगा कि शायद बच्ची सो गई होगी. लेकिन जब नर्स ने जाकर देखा तो उसके होश उड़ गए. पुलिस के मुताबिक, बच्ची की मौत हो चुकी थी.

Advertisement

मामला राजस्थान के जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित अस्पताल का है. पुलिस का आरोप है कि 34 साल के रवि कुमार यादव ने अपनी 13 घंटे की नवजात बेटी का गला दबाकर हत्या कर दी. आरोपी कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना इलाके का रहने वाला है और एक प्राइवेट कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड है.

यह भी पढ़ें: बेटे की चाहत में 19 साल में 11वीं बार बनी मां, 10 बेट‍ियों के बाद जन्मा बेटा, जान का उठाया र‍िस्क

पुलिस का कहना है कि रवि की पत्नी कोमल को 27 जुलाई को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. 28 जुलाई की दोपहर सिजेरियन ऑपरेशन से बच्ची का जन्म हुआ. कपल की पहले से दो बेटियां हैं. 

पुलिस का कहना है कि तीसरी संतान भी बेटी हुई तो आरोपी को अच्छा नहीं लगा. वह बेटे की चाहत रखता था. ऑपरेशन के बाद मां को आईसीयू में रखा गया था. इसलिए नवजात को रात में देखभाल के लिए उसके पिता के पास छोड़ दिया गया.

Advertisement

अस्पताल कर्मचारियों के मुताबिक, रात करीब तीन बजे तक बच्ची रो रही थी. फिर उसकी आवाज अचानक बंद हो गई. नर्सिंग स्टाफ को शक हुआ तो उन्होंने बच्ची की जांच की. वह मृत मिली. इसके बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई.

चंदवाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर बच्ची का गला दबाने की बात स्वीकार की. हालांकि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. नर्सिंग कर्मी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है. वहीं बच्ची के दादा अपनी पोती के शव को लेकर अस्पताल और थाने के बीच भटकते रहे. परिवार गहरे सदमे में है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »