पत्नी और बच्चों को लेने जा रहा था मजदूर, हाईवे पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत

राजस्थान के अलवर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई. युवक अपनी पत्नी और बच्चों को मायके से लेने बाइक पर ससुराल जा रहा था. रास्ते में अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में उसकी मौत हो गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

Advertisement
3 माह के बेटे और 3 साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया.(Photo: Himanshu Sharma/ITG) 3 माह के बेटे और 3 साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया.(Photo: Himanshu Sharma/ITG)

हिमांशु शर्मा

  • अलवर,
  • 03 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:40 PM IST

राजस्थान के अलवर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. रामगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह बाइक सवार एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई. युवक अपनी पत्नी और बच्चों को मायके से वापस घर लाने के लिए जा रहा था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली.

Advertisement

दरअसल, यह हादसा अलवर-दिल्ली हाईवे पर निवाली गेट के पास स्थित एक ईंट भट्टे के समीप हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक किसी तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

यह भी पढ़ें: अलवर में छेड़छाड़ विवाद में भीड़ ने कांस्टेबल को पीटा, खड़े देखते रहे ASI, वीडियो वायरल

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर एएसआई प्रतीम सिंह किराड़ पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.

पुलिस ने घायल युवक को तत्काल रामगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 30 वर्षीय राहुल पुत्र तानसिंह निवासी खुशपुरी बंजारा की ढाणी, नौगांव के रूप में हुई है. राहुल मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था.

पत्नी और बच्चों को लेने जा रहा था युवक

परिजनों ने बताया कि राहुल की पत्नी गर्मियों की छुट्टियों में अपने दो बच्चों के साथ चांदपाड़ी गांव स्थित मायके गई हुई थी. राहुल बुधवार को उन्हें वापस घर लाने के लिए बाइक से ससुराल जा रहा था.

परिवार को उम्मीद थी कि राहुल पत्नी और बच्चों को लेकर घर लौटेगा, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया.

निवाली गेट के पास पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसा इतना गंभीर था कि राहुल को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

राहुल अपने पीछे तीन साल की एक बेटी और महज तीन महीने के एक बेटे को छोड़ गया है. उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया. गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि राहुल मेहनतकश और मिलनसार युवक था. उसकी मौत से पूरे इलाके में दुख का माहौल है.

Advertisement

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले की जांच हेड कांस्टेबल मनोहर सिंह कर रहे हैं.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी पिकअप वाहन ने बाइक को टक्कर मारी थी. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.

फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »