मोटर बंद करने गई पत्नी को लगा करंट, बचाने पहुंचे पति ने भी तोड़ा दम, बच्चों के सामने मां-बाप की जान

अलवर जिले में खेत पर काम करते समय बिजली करंट लगने से पति-पत्नी की मौत हो गई. मोटर बंद करने गई पत्नी करंट की चपेट में आ गई, जिसे बचाने पहुंचे पति की भी जान चली गई. हादसा बच्चों के सामने हुआ. ग्रामीणों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
दंपति की मौत से गांव में मातम .(Photo: Himanshu Sharma/ITG) दंपति की मौत से गांव में मातम .(Photo: Himanshu Sharma/ITG)

हिमांशु शर्मा

  • अलवर,
  • 29 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:08 PM IST

राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की बिजली करंट लगने से मौत हो गई. घटना बगड़ तिराया थाना क्षेत्र के बेरेबास गांव की है, जहां खेत पर काम करते समय यह हादसा हुआ. हादसे के दौरान दंपति के छोटे बच्चे भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने अपने माता-पिता को करंट की चपेट में आते देखा और चीख-पुकार मचा दी. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

Advertisement

पुलिस के अनुसार, बेरेबास निवासी महेन्द्र जाटव अपनी पत्नी रामेश्वरी और बच्चों के साथ खेतों में रहकर खेती का काम करते थे. शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे रामेश्वरी खेत में लगी मोटर को बंद करने गई थी. बारिश के बाद खेत में नमी होने के कारण मोटर में अचानक करंट दौड़ गया और वह उसकी चपेट में आ गई.

यह भी पढ़ें: अलवर में छेड़छाड़ विवाद में भीड़ ने कांस्टेबल को पीटा, खड़े देखते रहे ASI, वीडियो वायरल

पत्नी की चीख सुनकर महेन्द्र उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वह भी तेज करंट की चपेट में आ गए. यह दृश्य देखकर बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने तुरंत बिजली सप्लाई बंद करवाई और दोनों को गंभीर हालत में रामगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया.

Advertisement

अस्पताल ले जाते समय पति ने तोड़ा दम

अस्पताल में डॉक्टरों ने रामेश्वरी को मृत घोषित कर दिया. वहीं महेन्द्र की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलवर रेफर किया गया, लेकिन बहाला टोल टैक्स के पास रास्ते में ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया. इसके बाद शव को वापस रामगढ़ अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

घटना की सूचना मिलने पर बगड़ तिराया थाना से एएसआई रविंद्र चौधरी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को रामगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

मृतक के परिजन विनेश जाटव ने बताया कि महेन्द्र और रामेश्वरी मेहनत मजदूरी और खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे. हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

चार बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

मृतक दंपति के तीन बेटियां और एक बेटा है. माता-पिता की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी घटना के बाद मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है.

एएसआई रविंद्र चौधरी ने बताया कि खेत पर कार्य करते समय करंट लगने से पति-पत्नी की मौत हुई है. पुलिस परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »