6 महीने पहले हुई थी शादी, अब पेड़ से लटके मिले नवविवाहित दंपती के शव, 3 महीने की गर्भवती थी महिला

राजस्थान के अलवर निवासी नवविवाहित दंपती के शव उत्तर प्रदेश के बिजनौर के जंगल में पेड़ से लटके मिले हैं. छह महीने पहले शादी हुई थी और महिला तीन महीने की गर्भवती थी. परिजनों ने गैंगरेप के बाद हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत की वजह का खुलासा पोस्टमार्टम व जांच के बाद होगा.

Advertisement
परिजनों ने हत्या की जताई आशंका.(Photo: Himanshu Sharma/ITG) परिजनों ने हत्या की जताई आशंका.(Photo: Himanshu Sharma/ITG)

हिमांशु शर्मा

  • अलवर,
  • 19 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:21 PM IST

राजस्थान के अलवर जिले के एक नवविवाहित दंपती की संदिग्ध मौत ने दो राज्यों में सनसनी फैला दी है. उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के जंगल में पति-पत्नी के शव एक पेड़ से लटके मिले. मृतका तीन महीने की गर्भवती थी और दोनों की शादी करीब छह महीने पहले ही हुई थी. घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है, जबकि परिजनों ने गैंगरेप के बाद हत्या कर शव लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है.

Advertisement

दरअसल, यह मामला अलवर जिले के रामगढ़ क्षेत्र के नौगांवा थाना इलाके के गांव प्यारी बास शेखपुर से जुड़ा है. मृतक की पहचान सतविंदर सिंह और उसकी पत्नी अमनदीप कौर के रूप में हुई है. अमनदीप उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के प्रेमनगर क्षेत्र की रहने वाली थी. शादी के बाद दोनों सामान्य वैवाहिक जीवन जी रहे थे.

यह भी पढ़ें: मकान की EMI भरने के लिए 'अंकल' का मर्डर, अलवर में बुजुर्ग की हत्या का 12 घंटे में खुलासा

परिजनों के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले अमनदीप अपने मायके चली गई थी. पत्नी को वापस लाने के लिए सतविंदर 15 जुलाई को बिजनौर पहुंचा. अगले दिन 16 जुलाई को दोनों बाइक से मोबाइल ठीक कराने के लिए कोटद्वार जाने की बात कहकर घर से निकले थे.

मोबाइल ठीक कराने निकले, फिर नहीं लौटे घर

Advertisement

परिजनों ने बताया कि रास्ते में सतविंदर ने अपने पिता मगर सिंह को फोन कर मोबाइल की डिस्प्ले खराब होने की बात कही और पेटीएम के जरिए 3000 रुपये भेजने को कहा. पिता ने तुरंत रुपये भेज दिए और दोनों के बीच आखिरी बार बातचीत भी हुई.

शाम तक जब दोनों घर नहीं लौटे तो परिवार को चिंता हुई. कई बार फोन मिलाया गया, लेकिन दोनों के मोबाइल बंद मिले. इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना देकर दोनों की गुमशुदगी दर्ज कराई गई.

17 जुलाई को प्रेमनगर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने सड़क किनारे खड़ी एक बाइक देखी. बाइक में चाबी लगी थी और उस पर महिला का बैग भी टंगा हुआ था. पहचान होने पर उसने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने आसपास के जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया.

जंगल में पेड़ से लटके मिले दोनों के शव

तलाशी के दौरान देर रात करीब एक बजे जंगल में एक पेड़ से दोनों के शव लटके मिले. पुलिस के अनुसार, युवक का शव पत्नी के दुपट्टे से और युवती का शव युवक की दस्तार (पगड़ी) से लटका हुआ था. घटनास्थल के पास दोनों का टूटा हुआ मोबाइल फोन भी मिला.

परिजनों का कहना है कि दोनों के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य सामान मौके पर ही मौजूद थे. यदि लूटपाट मकसद होता तो सामान गायब होता. यही वजह है कि परिवार इस घटना को साधारण आत्महत्या मानने को तैयार नहीं है.

Advertisement

शनिवार को दोनों शव राजस्थान के नौगांवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए गए. यहां पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों और समाज के लोगों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए दोबारा पोस्टमार्टम और उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की. हालांकि बाद में समझाइश के बावजूद दोबारा पोस्टमार्टम कराए बिना परिजन शव लेकर गांव लौट गए, जहां गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया.

परिजनों ने गैंगरेप और हत्या की जताई आशंका

परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है. उनका कहना है कि जिस पेड़ की पतली और नीचे झुकी टहनी से दोनों के शव लटके मिले, उस पर फंदा लगाकर आत्महत्या करना संभव नहीं लगता. दोनों के पैर घुटनों तक मुड़े हुए थे और हाथ बंधे होने की बात भी परिजनों ने कही है.

परिजनों ने यह भी दावा किया कि महिला के गुप्तांगों और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं. वहीं युवक के शरीर पर भी गंभीर चोटें थीं. इन्हीं आधारों पर परिवार ने आशंका जताई है कि पहले महिला के साथ गैंगरेप किया गया, फिर दोनों की हत्या कर शव पेड़ से लटका दिए गए.

मामले की सूचना पर नौगांवा थाना प्रभारी हरदयाल सिंह यादव पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अभी तक गैंगरेप या हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं दोनों परिवारों की मांग है कि मौत के वास्तविक कारणों का जल्द खुलासा हो ताकि सच्चाई सामने आ सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »