AC के गोदाम में घुसे चोर, एक की लग गई आंख, अंदर ही सोता मिला सुबह तक

सतना में चोरी की एक अनोखी घटना चर्चा का विषय बनी हुई है. एसी और कूलर के गोदाम में घुसे चोर लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए, लेकिन उनका एक साथी वहीं गहरी नींद में सोता रह गया. सुबह गोदाम खुलने पर संचालक ने उसे पकड़वाया. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर फरार साथियों की तलाश में जुटी है.

Advertisement
चौरी के दौरान सो गया चोर (Photo:itg) चौरी के दौरान सो गया चोर (Photo:itg)

वेंकटेश द्विवेदी

  • सतना,
  • 09 जून 2026,
  • अपडेटेड 12:44 PM IST

मध्य प्रदेश के सतना जिले में चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पुलिस के साथ-साथ आम लोगों को भी हैरान कर दिया है. आमतौर पर चोरी की वारदात के बाद चोर मौके से फरार हो जाते हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटती है, लेकिन इस मामले में एक चोर खुद ही गोदाम के अंदर सोता हुआ मिल गया. घटना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित खेरमाई रोड की है.

Advertisement

जानकारी के अनुसार खेरमाई रोड पर स्थित बिहारी ट्रेडर्स के गोदाम को बीती रात चोरों ने निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि चोर गोदाम की छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए. उन्होंने एसी के आउटडोर यूनिट को तोड़कर एंटर किया और अंदर रखे महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ करना शुरू कर दिया.

गोदाम संचालक के मुताबिक चोरों ने टीवी, एसी, कूलर समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. प्राथमिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का माल गोदाम से गायब है. हालांकि चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है.

घटना में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरी के दौरान गिरोह का एक सदस्य वहीं गोदाम के भीतर गहरी नींद में सो गया. बताया जा रहा है कि उसके अन्य साथी चोरी का सामान समेटकर मौके से फरार हो गए, जबकि वह अंदर ही पड़ा रहा. सुबह जब गोदाम संचालक रोजाना की तरह गोदाम खोलने पहुंचे तो अंदर एक अज्ञात युवक को आराम से सोता देखकर उनके होश उड़ गए.

Advertisement

संचालक ने तत्काल आसपास के लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया. प्रारंभिक पूछताछ में उसके चोरी की वारदात में शामिल होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस उससे पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि उसके साथ वारदात में और कौन-कौन शामिल थे तथा चोरी का सामान कहां ले जाया गया.पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है. साथ ही चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं. 
 

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »