भोपाल में नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. मामले के मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह को लेकर अब पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है. भोपाल पुलिस ने समर्थ सिंह का पासपोर्ट रद्द कराने के लिए पासपोर्ट कार्यालय के साथ प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए समर्थ सिंह देश छोड़कर विदेश भागने की कोशिश कर सकता है. इसी संभावना को देखते हुए यह कार्रवाई की जा रही है.
पति के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी
ट्विशा शर्मा मौत मामले में पुलिस ने आरोपी समर्थ सिंह के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कर दिया है. समर्थ सिंह पर पुलिस ने एक दिन पहले ही 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें लगातार अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और उसकी तलाश में जुटी हुई हैं.
ससुराल में हुई थी ट्विशा की मौत
गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा की भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी, जिसके बाद उनके परिजनों ने पति समर्थ सिंह और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले की जांच फिलहाल तेज गति से जारी है और पुलिस हर पहलू से पड़ताल कर रही है.
परिवार ने ग्लैमर की दुनिया में धकेला- सास का आरोप
ट्विशा शर्मा की सास और रिटायर जज गिरीबाला सिंह ने मीडिया से बातचीत में कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने ट्विशा के माता-पिता पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने कम उम्र में ही बेटी को ग्लैमर की दुनिया में धकेल दिया और उसकी खूबसूरती व पहचान का इस्तेमाल आर्थिक लाभ के लिए किया.
गिरीबाला सिंह ने दावा किया कि ट्विशा उनके परिवार से अक्सर कहती थीं कि बचपन से ही उन्हें ग्लैमर जगत में धकेला गया. उन्होंने कहा कि दोनों परिवारों का बैकग्राउंड में काफी अंतर था, इसके बावजूद शादी कराई गई.
ट्विशा के परिवार पर सास ने लगाए ये आरोप
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ट्विशा की मौत के बाद उनके परिजन इस मामले को लेकर सहानुभूति हासिल करने और फायदा लेने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि उन्होंने कहा कि जो हुआ वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है.
ट्विशा के पिता के व्यवहार पर भी सवाल उठाते हुए गिरीबाला सिंह ने कहा कि उनका व्यवहार असामान्य था. उन्होंने दावा किया कि पिछले करीब 20 वर्षों से वह कजाखस्तान और उज्बेकिस्तान में मेडिसिन क्षेत्र से जुड़े रहे हैं और कई चीजों का संभावित स्रोत हो सकते हैं.
दिसंबर 2025 में समर्थ सिंह से हुई थी ट्विशा की शादी
गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल स्थित अपने ससुराल की छत पर फंदे से लटकी मिली थीं. उनकी शादी दिसंबर 2025 में समर्थ सिंह से हुई थी. ट्विशा के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या, मानसिक प्रताड़ना और दहेज मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले की जांच जारी है.
रवीश पाल सिंह