भोपाल में बड़ा आयोजन: PM मोदी इंदौर मेट्रो को दिखाएंगे हरी झंडी, सतना-दतिया एयरपोर्ट का करेंगे उद्घाटन

PM नरेंद्र मोदी शनिवार को लोकमाता देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर भोपाल में महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल होंगे. भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित इस महासम्मेलन में पीएम मोदी इंदौर मेट्रो, सतना और दतिया एयरपोर्ट का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे.

Advertisement
PM मोदी भोपाल में महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन को करेंगे संबोधित. (फोटो) PM मोदी भोपाल में महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन को करेंगे संबोधित. (फोटो)

aajtak.in

  • भोपाल ,
  • 30 मई 2025,
  • अपडेटेड 5:07 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लोकमाता देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर भोपाल में महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल होंगे. भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित इस महासम्मेलन में पीएम मोदी इंदौर मेट्रो, सतना और दतिया एयरपोर्ट का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे. इसके अलावा, वे क्षिप्रा नदी पर 778 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले घाट निर्माण कार्यों का वर्चुअल भूमिपूजन करेंगे. साथ ही, PM 483 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 1271 नवीन अटल ग्राम सेवा सदन (पंचायत भवन) की पहली किश्त का हस्तांतरण करेंगे. इस महासम्मेलन में राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत शामिल होंगे. आयोजन में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय का भी महत्वपूर्ण समन्वय है.

महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकमाता देवी अहिल्याबाई को समर्पित डाक टिकट और सिक्का जारी करेंगे. PM मोदी आदिवासी, लोक और पारंपरिक कलाओं के क्षेत्र में एक महिला कलाकार को राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई पुरस्कार से सम्मानित करेंगे. इस अवसर पर वे संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित लोकमाता देवी अहिल्याबाई के सुशासन, महिला सशक्तिकरण और संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे.

300 रुपये का स्मारक सिक्का होगा जारी
31 मई को भोपाल में देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर आयोजित महिला सम्मेलन में पीएम मोदी देश का पहला 300 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगे. शुक्रवार को वित्त मंत्रालय ने इस संबंध में गजट अधिसूचना जारी कर दी है. 35 ग्राम वजनी इस सिक्के में चांदी की मात्रा 50% होगी. सिक्के की एक तरफ अहिल्याबाई का चित्र होगा. ऊपरी परिधि पर हिंदी और निचली परिधि पर अंग्रेजी में 'अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती' लिखा होगा. बाएं और दाएं तरफ 1725-2025 अंकित होगा.

दूसरी तरफ अशोक स्तंभ के नीचे रुपये के प्रतीक चिह्न के साथ मूल्यवर्ग 300 लिखा होगा. अशोक स्तंभ के दाएं-बाएं हिंदी और अंग्रेजी में 'भारत' लिखा होगा. यह देश-दुनिया में जारी होने वाला ऐसा पहला सिक्का होगा, जिसका मूल्यवर्ग 300 रुपये है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकमाता देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर विशेष डाक टिकट भी जारी करेंगे.  

भूमिपूजन और लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को भोपाल से वर्चुअली उज्जैन में आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 के लिए निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे. PM मोदी 778.91 करोड़ रुपये की लागत से घाट निर्माण का भूमिपूजन करेंगे. यह निर्माण शनि मंदिर से लेकर नागदा बायपास तक 29 किलोमीटर की लंबाई में होगा. 83.39 करोड़ रुपये की लागत से बैराज, स्टॉप डैम और वेंटेड कॉजवे का भी भूमिपूजन किया जाएगा, जो क्षिप्रा और काह्न नदियों के जल प्रवाह को बनाए रखने में सहायक होंगे.

नगर निगम द्वारा 1.39 करोड़ रुपये की लागत से कालियादेह स्टॉप डैम का मरम्मत कार्य भी शुरू किया जाएगा. ये जल संरचनाएं नदियों के जल स्तर को स्थिर रखकर श्रद्धालुओं और साधु-संतों के सुरक्षित स्नान के लिए बनाई जा रही हैं.
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की समय-सीमा 30 माह रखी गई है, ताकि सिंहस्थ महापर्व के दौरान सभी सुविधाएं पूरी तरह से उपलब्ध हों. यह परियोजना उज्जैन के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को और मजबूत करेगी. सिंहस्थ महापर्व में लाखों श्रद्धालुओं के लिए यह एक बड़ी सुविधा होगी.  

दतिया एयरपोर्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवनिर्मित दतिया एयरपोर्ट का भोपाल से वर्चुअल लोकार्पण करेंगे. यह एयरपोर्ट दतिया के विकास को नई उड़ान देगा और इससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी. पेयजल, टेंट, सुरक्षा, पार्किंग, साफ-सफाई, मेडिकल, एम्बुलेंस आदि की व्यवस्था की गई है. गर्मी को देखते हुए ओआरएस पैकेट, अस्थायी अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर आदि की व्यवस्था भी की गई है. 60 करोड़ रुपये की लागत से बना यह एयरपोर्ट 124 एकड़ में फैला है, जिसमें 1.81 किमी लंबा रनवे, दो चेक-इन काउंटर और 50 कारों की पार्किंग की सुविधा है. फ्लाई बिग एयरलाइन की 19-सीटर फ्लाइट्स हफ्ते में चार दिन संचालित होंगी.  

Advertisement

सतना एयरपोर्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को भोपाल से वर्चुअल रूप से सतना एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे. 37 करोड़ रुपये की लागत से सतना की पुरानी हवाई पट्टी का पुनर्निर्माण कर आधुनिक एयरपोर्ट बनाया गया है. 31 अक्टूबर 2024 को एयरपोर्ट का निर्माण कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा हुआ. 20 दिसंबर 2024 को डीजीसीए ने एयरपोर्ट को संचालन के लिए लाइसेंस जारी किया. 1200 मीटर का रनवे तैयार किया गया है, जिसमें 19-सीटर विमान आसानी से उतर सकेंगे. एक समय में दो विमानों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है. एयरपोर्ट पर 750 वर्गमीटर क्षेत्र में हवाई टर्मिनल बिल्डिंग, एटीसी टावर, वीआईपी लाउंज, विशेष जरूरतमंदों के लिए सुविधाएं और सुरक्षा के सभी इंतजाम पूरे किए गए हैं. एयरपोर्ट की कुल 5.5 किमी बाउंड्री वॉल सुरक्षा के लिए तैयार की गई है. एयरपोर्ट शुरू होने से सतना सहित पूरे विंध्य क्षेत्र को उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में विकास के नए अवसर मिलेंगे.  

इंदौर एक नए युग में करेगा प्रवेश
भारत का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर एक नए युग में प्रवेश करने जा रहा है. PM मोदी शनिवार भोपाल से वर्चुअल रूप से इंदौर मेट्रो के सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर पर यात्री सेवा का शुभारंभ करेंगे. यह लगभग 6 किलोमीटर का हिस्सा येलो लाइन का सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर है. इसमें पांच स्टेशन गांधीनगर स्टेशन, सुपर कॉरिडोर 6 स्टेशन, सुपर कॉरिडोर 5 स्टेशन, सुपर कॉरिडोर 4 स्टेशन और सुपर कॉरिडोर 3 स्टेशन शामिल हैं. यह कॉरिडोर ट्रैफिक और प्रदूषण को कम करेगा, साथ ही यात्रियों को आरामदायक सफर प्रदान करेगा. सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर न केवल तकनीकी दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इंदौर की आधुनिकता की ओर बढ़ती दिशा का प्रतीक भी है.  

इंदौर में 31.32 किलोमीटर का मेट्रो प्रोजेक्ट
इंदौर में कुल 31.32 किलोमीटर लंबाई का मेट्रो प्रोजेक्ट है. इसमें 22.62 किलोमीटर एलिवेटेड और 8.7 किलोमीटर भूमिगत मेट्रो शामिल है. मेट्रो की येलो लाइन पर 28 स्टेशन होंगे, जो शहरी यात्रा को आसान, तेज और पर्यावरण के अनुकूल बनाएंगे. मेट्रो के 31.32 किलोमीटर के संपूर्ण प्रोजेक्ट की लागत लगभग 7500 करोड़ रुपये है. प्रारंभिक तौर पर 6 किलोमीटर के कॉरिडोर का उद्घाटन किया जा रहा है, जिसकी लागत लगभग 1520 करोड़ रुपये है. यह परियोजना इंदौर को एक आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.  

पंचायतों को स्थायी भवन
483 करोड़ रुपये की लागत से 1271 नए अटल ग्राम सुशासन भवनों के लिए पहली किश्त का हस्तांतरण किया जाएगा. अटल ग्राम सुशासन भवनों के निर्माण से ग्राम पंचायतों को स्थायी भवन की सुविधा मिलेगी. ग्राम पंचायतों को प्रशासनिक कार्य करने, बैठकों के आयोजन और रिकॉर्ड प्रबंधन में सहायता मिलेगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »