मध्य प्रदेश के इंदौर में सामने आए ड्रग्स रैकेट की जांच में नए खुलासे हो रहे हैं. राजेंद्र नगर थाने में 9 जुलाई को दर्ज केस में पुलिस पहले दो आरोपियों तक पहुंची, लेकिन पूछताछ का दायरा बढ़ा तो कहानी कहीं बड़ी निकलती दिखाई दी. इंदौर के डीसीपी (जोन-1) नरेंद्र रावत ने बताया कि इस मामले के मुख्य आरोपी इरफान खान उर्फ गोली चंदेरी और संजय कौशल से पूछताछ में पता चला कि वे मानव गंगवानी और नाना पटवारी उर्फ कुलभूषण को ड्रग्स सप्लाई करते थे.
एजेंसी के अनुसार, पुलिस ने दोनों आरोपियों की सात दिन की पुलिस रिमांड लेकर आगे की जांच की. पूछताछ आगे बढ़ी तो एक और नाम सामने आया. पुलिस के मुताबिक, इरफान खान ने बताया कि उसे ड्रग्स आरिफ खान नाम के व्यक्ति से मिलती थी. इसके बाद पुलिस ने आरिफ खान को भी गिरफ्तार कर लिया. जांच के दौरान एक युवती का नाम भी सामने आया. पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया तो उसने दावा किया कि वह नाना पटवारी के साथ दो से तीन बार ड्रग्स ले चुकी है.
युवती ने कुछ फ्लैटों का भी जिक्र किया, जहां दोनों के साथ जाने की बात कही. अब पुलिस उन फ्लैटों और वहां हुई गतिविधियों की पड़ताल में जुटी है. डीसीपी नरेंद्र रावत ने कहा कि युवती के बयान में सामने आए तथ्यों की अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस हर दावे को वेरिफाई कर रही है.
यह भी पढ़ें: पुणे ड्रग्स पार्टी केस: खड़से के दामाद की ब्लड रिपोर्ट निगेटिव, लेकिन चलता रहेगा केस
इस बीच जांच एजेंसियों के हाथ एक और सुराग लगा है. पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और आरोपियों से मिली जानकारी में 203 लोगों के नाम सामने आए हैं. अब यह पता लगाया जा रहा है कि इनमें से कौन लोग ड्रग्स नेटवर्क का हिस्सा थे, कौन ग्राहक थे और किसकी भूमिका क्या थी. जरूरत पड़ने पर सभी को नोटिस भेजकर पूछताछ की जाएगी.
पुलिस अब ड्रग्स नेटवर्क के फाइनेंशियल ट्रेल पर भी काम कर रही है. बैंक खातों, लेन-देन और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रग्स की खरीद-फरोख्त के लिए पैसों का लेन-देन कैसे होता था. पुलिस की मानें तो यह एक बड़े नेटवर्क की जांच है, जिसकी परतें अभी खुलनी बाकी हैं. वहीं, युवती के बयान के बाद इस केस ने नया मोड़ जरूर लिया है.
क्या है पूरी कहानी?
दरअसल, इस पूरे मामले की शुरुआत 9 जुलाई को इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक ड्रग्स केस से हुई. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान इरफान खान उर्फ गोली चंदेरी और संजय कौशल नाम के आरोपियों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर मानव गंगवानी और नाना पटवारी उर्फ कुलभूषण नाम के लोगों को ड्रग्स सप्लाई करने की बात कही.
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की रिमांड लेकर पूछताछ आगे बढ़ाई, जिसमें ड्रग्स सप्लाई चेन, आरिफ खान की कथित भूमिका और 203 लोगों के नेटवर्क की जानकारी सामने आई. इसी जांच के दौरान एक युवती का नाम भी सामने आया. पुलिस के अनुसार, युवती ने बयान में नाना पटवारी के साथ ड्रग्स लेने और कुछ फ्लैटों पर जाने की बात कही है. हालांकि पुलिस का कहना है कि युवती के बयान समेत इन सभी तथ्यों का वेरीफिकेशन किया जा रहा है.
aajtak.in