इंदौर में जारी भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच कलेक्ट्रेट कार्यालय अपनी समस्याओं को लेकर आने वाले आम नागरिकों के लिए अब राहत का केंद्र बन गया है. इंदौर के कलेक्टर शिवम वर्मा की पहल पर कलेक्टर कार्यालय परिसर में एक विशेष 'सोलर आधारित इनोवेटिव बेंच' लगाई गई है. यह बेंच पूरी तरह से 'ग्रीन एनर्जी' पर आधारित है और कड़कती धूप में भी बैठने वालों को एयर-कंडीशनर जैसा सुकून देने की क्षमता रखती है. जानिए इस 'इनोवेटिव बेंच' की खासियत...
यह बेंच साधारण लकड़ी या लोहे की बेंच से काफी अलग और आधुनिक है. इसकी मुख्य विशेषताएं इस प्रकार हैं:-
सोलर पावर्ड सिस्टम: इस बेंच के ऊपर सोलर पैनल लगाए गए हैं, जो सूरज की रोशनी से ऊर्जा सोखते हैं. इसके संचालन के लिए बिजली के कनेक्शन की जरूरत नहीं होती.
इंटीग्रेटेड फैन: बेंच के ऊपरी हिस्से में एक शक्तिशाली पंखा लगा है जो सीधे नीचे बैठे व्यक्ति को हवा देता है.
मिस्ट स्प्रे तकनीक: इस बेंच की सबसे बड़ी खूबी इसमें लगा 'मिस्ट सिस्टम' है. यह सिस्टम पानी की इतनी महीन बौछार छोड़ता है जो शरीर को भिगोती नहीं है, बल्कि आसपास के तापमान को तुरंत 5 से 10 डिग्री तक कम कर देती है.
उमस से राहत: तेज धूप और उमस के बीच यह सिस्टम वाष्पीकरण के जरिए ठंडक पैदा करता है. देखें एक VIDEO:-
जल्द पूरे शहर में दिखेगा विस्तार
कलेक्टर शिवम वर्मा ने इस नवाचार के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गर्मी के मौसम में सरकारी दफ्तरों और सार्वजनिक स्थानों पर आने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है. ऐसे में यह बेंच पर्यावरण के अनुकूल तरीके से उन्हें राहत प्रदान करेगी.
कलेक्टर ने बताया कि फिलहाल हमने इसे एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में कलेक्टरेट परिसर में लगाया है. हम इसकी कार्यक्षमता और आम लोगों के फीडबैक को परख रहे हैं. यदि यह प्रयोग पूरी तरह सफल रहता है, तो हम इंदौर के अन्य प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों, पार्कों और बस स्टैंडों पर भी इस तरह की 'सोलर चेयर' लगाने की योजना बनाएंगे.
धर्मेंद्र कुमार शर्मा