मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक महिला ने अपने एक्स बॉयफ्रेंड पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया है. उसके शरीर पर 8 से 9 गहरे घाव आए हैं. घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
ये मामला कंपू थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ललितपुर कॉलोनी का है. पीड़ित की पहचान धर्मेंद्र प्रजापति (40) के रूप में हुई है. उसपर आरोप है कि उसने महिला के प्राइवेट ऑडियो और वीडियो उसके पति को भेज दिए थे.
घायल धर्मेंद्र प्रजापति ललितपुर कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था. बताया जा रहा है कि आरोपी महिला करीब ढाई साल तक धर्मेंद्र के साथ रिलेशनशिप में थी. जानकारी के मुताबिक, महिला के पहले पति बालवीर प्रजापति की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद वो धर्मेंद्र के साथ रिलेशनशिप में आई थी.
एक्स बॉयफ्रेंड ने पति को भेजें प्राइवेट वीडियो!
लेकिन बाद में महिला ने उससे दूरी बना ली और सिकंदर कंपू के रहने वाले सोनू यादव से शादी कर ली. आरोप है कि शादी के बाद भी धर्मेंद्र लगातार महिला को परेशान कर रहा था. इसी दौरान उसने महिला और अपने बीच के प्राइवेट ऑडियो-वीडियो उसके पति सोनू यादव को भेज दिए. इस बात को लेकर महिला और उसके पति के बीच बहुत विवाद हुआ.
इसी बात से बेहद नाराज होकर महिला सीधे धर्मेंद्र के घर जा पहुंची और उस पर कैंची से हमला कर दिया. हमले में धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. चीख-पुकार और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया.
यह भी पढ़ें: पति और एक्स बॉयफ्रेंड ने मिलकर महिला को मार डाला... जमीन के पैसे हड़पने के लिए रची साजिश
मामले में कंपू थाना पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान महिला ने आरोप लगाया कि धर्मेंद्र उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था और उसकी शादीशुदा जिंदगी में दखल दे रहा था. ऐसे में तंग आकर उसने ये कदम उठाया.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायल धर्मेंद्र के बयान और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
सर्वेश पुरोहित