लंदन वाली मैडम ने लूट लिया! ग्वालियर के ठेकेदार से दोस्ती कर वसूले 1.27 लाख

ग्वालियर में फेसबुक पर विदेशी महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करना एक ठेकेदार को भारी पड़ गया. दोस्ती, लंदन से भारत आने और लाखों की विदेशी करेंसी बदलवाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने उससे 1.27 लाख रुपये ठग लिए. दोबारा पैसे मांगने पर ठगी का खुलासा हुआ. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 

Advertisement
 ग्वालियर के ठेकेदार से 1.27 लाख की ठगी (Photo: representational image) ग्वालियर के ठेकेदार से 1.27 लाख की ठगी (Photo: representational image)

सर्वेश पुरोहित

  • ग्वालियर,
  • 11 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:05 AM IST

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में साइबर ठगी का एक और बड़ा मामला सामने आया है. यहां फेसबुक पर विदेशी महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करना एक ठेकेदार को भारी पड़ गया. दोस्ती के नाम पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे लाखों की विदेशी करेंसी बदलवाने के झांसे तक पहुंच गई और आखिरकार ठेकेदार से 1 लाख 27 हजार रुपये की ठगी कर ली गई. मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

'लकी चार्ल्स' नाम से आई फ्रेंड रिक्वेस्ट

जानकारी के अनुसार, झांसी रोड थाना क्षेत्र के हरिशंकरपुरम निवासी ठेकेदार कमलकांत यादव को 24 अप्रैल को फेसबुक पर “लकी चार्ल्स” नाम की आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी. कमलकांत ने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई. कुछ दिन बाद महिला ने व्हाट्सएप पर बात करने की बात कही और खुद को लंदन निवासी डॉक्टर पैंट्रिशिया आर मेडिसिन बताया.

बातचीत के दौरान महिला ने कहा कि वह भारत घूमने आना चाहती है और अपने साथ 95 हजार ब्रिटिश पाउंड लेकर आ रही है. उसने कमलकांत से कहा कि भारत पहुंचने पर इस रकम को भारतीय मुद्रा में बदलवाने में मदद करें. बड़ी रकम और कमीशन के लालच में कमलकांत उसकी बातों में आ गया.

किस्तों में ट्रांसफर कराए 1 लाख 27 हजार

Advertisement

27 अप्रैल को कमलकांत के पास एक महिला का फोन आया, जिसने खुद को मुंबई एयरपोर्ट कर्मचारी बताया. उसने कहा कि आपके नाम से एक विदेशी महिला की करेंसी एयरपोर्ट पर रोकी गई है और उसे रिलीज कराने के लिए रजिस्ट्रेशन फीस जमा करनी होगी. इसके बाद अलग-अलग बहानों से लॉन्ड्री चार्ज और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ठेकेदार से किस्तों में कुल 1 लाख 27 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए गए.

दोबारा मांगे पैसे तो हुआ शक

जब आरोपियों ने दोबारा 70 हजार रुपये की मांग की तो कमलकांत को शक हुआ. जांच-पड़ताल करने पर उसे एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है. उसने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई.

झांसी रोड थाना पुलिस ने ई-जीरो एफआईआर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement