मध्य प्रदेश में मूंग की फसल की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर 100 फीसदी खरीदी की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है. नर्मदापुरम, हरदा, सीहोर, रायसेन, विदिशा समेत मालवा और नर्मदापुरम संभाग के 19 किसान संगठनों के बैनर तले हजारों किसान भोपाल पहुंच गए हैं. प्रदर्शनकारी किसान शहर के वीर सावरकर सेतु पर जुटे हुए हैं, जहां उन्होंने सड़क पर ही कंडों की आग में दाल-बाटी बनानी शुरू कर दी.
किसानों का कहना है कि जब किसान ही भूखा रहेगा तो प्रदर्शन कैसे करेगा, इसलिए वे अपने साथ खाने-पीने का पूरा सामान लेकर आए हैं.
सड़क किनारे कंडों में बाटियां सेंकी जा रही हैं और दाल तैयार की जा रही है. किसानों ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को भी दाल-बाटी खाने का न्योता दिया है. देखें VIDEO:-
रास्ते में ट्रॉली बनी घर, मांगें पूरी होने तक लौटेंगे नहीं
किसान रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लाए गए खाने के पैकेट खाकर आगे बढ़ रहे हैं. ट्रॉलियों में ही गद्दे और बिस्तर लगाए गए हैं.
किसानों का साफ कहना है, जहां पुलिस रोकेगी या रात होगी, वहीं ट्रॉली में सो जाएंगे, लेकिन मांग पूरी हुए बिना वापस नहीं लौटेंगे. इस आंदोलन और रूट डायवर्जन के कारण भोपाल-नागपुर मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है और आम यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
कषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने क्या कहा?
किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा कि आंदोलन के बीच भोपाल स्थित मंत्रालय में किसान प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनी गई हैं. उन्होंने कहा कि मूंग खरीदी समेत किसानों की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई है और किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा.
MSP पर 100% खरीदी की मांग
किसान संगठनों के अनुसार, राज्य सरकार की मौजूदा खरीदी नीति से उन्हें प्रति क्विंटल भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
राज्य सरकार ने समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ सिर्फ 1 क्विंटल 20 किलो मूंग खरीदने की ही सीमा तय की है. किसानों के मुताबिक, 1 एकड़ खेत में औसतन 4 से 5 क्विंटल मूंग की पैदावार होती है. सरकार ने मूंग की MSP 8 हजार 668 रुपये प्रति क्विंटल रखी है.
खुले बाजार में नुकसान
कोटा सीमा तय होने के कारण किसानों को बची हुई 3 से 4 क्विंटल मूंग खुले बाजार में मजबूरीवश 4000 से 5500 रुपये प्रति क्विंटल के औने-पौने दामों पर बेचनी पड़ रही है. इससे किसानों को हर क्विंटल मूंग पर 3000 से 4000 रुपये का सीधा नुकसान हो रहा है. देखें VIDEO:-
हनुमान चालीसा पाठ से शुरुआत
संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में किसानों ने नर्मदापुरम के प्रसिद्ध सेठानी घाट पर धरना देकर और हनुमान चालीसा का पाठ करके इस मार्च का आगाज किया. हाथों में तिरंगा लिए और 'जय जवान, जय किसान' के नारे लगाते हुए किसान देर शाम सीहोर जिले के बुधनी पहुंचे.
प्रशासन की तरफ से नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा और SP साईकृष्ण एस. थोटा ने नेशनल हाईवे पर किसानों को समझाने और रोकने की कोशिश की, लेकिन वार्ता बेनतीजा रही.
रवीश पाल सिंह