'चलो वो बोतल आपको पिला दूं, गाड़ी में लाया हूं...', IAS अफसर पर तमतमाए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, देवास में शराब से 13 मौतों का आरोप

Dewas Suspicious Deaths: देवास में 13 संदिग्ध मौतों पर गरमाई सियासत. जीतू पटवारी और अरुण यादव ने गांव पहुंचकर की मुलाकात. कलेक्टर कार्यालय में तीखी नोकझोंक. पढ़ें रिपोर्ट.

Advertisement
कलेक्टर कार्यालय पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पटवारी.(Photo:ITG) कलेक्टर कार्यालय पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पटवारी.(Photo:ITG)

शकील खान

  • देवास ,
  • 24 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:59 PM IST

मध्य प्रदेश के देवास शहर से लगे गांव चंदाना और बिंजाना गांव में हुई 13 लोगों की संदिग्ध मौतों का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. मृतकों के परिजन शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने और मौत होने का आरोप लगा रहे हैं. मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने शनिवार दोपहर चंदाना गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की. इसके बाद कलेक्टर कार्यालय में अधिकारियों से तीखे सवाल किए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई.

Advertisement

देवास के चंदाना और बिंजाना गांव... जहां 13 लोगों की संदिग्ध मौतों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

27 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच मौतों का दावा

जानकारी के मुताबिक, 27 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच हुई इन मौतों में 10 लोगों की मौत को परिजन जहरीली शराब से जोड़ रहे हैं.

परिजनों का आरोप है कि शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ी. उल्टियां हुईं और कुछ लोगों की आंखों की रोशनी तक चली गई. हालांकि, मौतों की वास्तविक वजह जांच का विषय है. इसी बीच मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है.

मामले की गंभीरता के बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव चंदाना गांव पहुंचे. दोनों नेताओं ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और घटना के संबंध में जानकारी ली. इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवारों की आप बीती सुनी.

Advertisement

जीतू पटवारी और अरुण यादव ने मीडिया से बातचीत में जिला प्रशासन और सरकार पर जहरीली शराब से हुई मौतों को छुपाने के साथ ही कई गम्भीर आरोपों की झड़ी लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

कलेक्टर कार्यालय में फूटा कांग्रेस का गुस्सा

चंदाना गांव में पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद कांग्रेस नेताओं का काफिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा. यहां प्रभारी कलेक्टर IAS दलीप कुमार और एडीएम शोभाराम सोलंकी के सामने नेताओं ने मामले को लेकर तीखे सवाल उठाए.

जीतू पटवारी ने प्रशासन के उस दावे को चुनौती दी, जिसमें शराब को मानव उपभोग के योग्य बताया जा रहा था. पटवारी ने शराब को पीने योग्य बताने वाली अधिकारियों की बात पर तल्ख़ लहजे में प्रभारी कलेक्टर दलीप कुमार को कहा, ''चलो वो बोतल आपको पिला दूं... मैं लाया हूं वो शराब की बोतल...''

उन्होंने मामले में प्रशासन की जवाबदेही तय करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी भी दी.

वह यहीं नहीं रुके और कहा कि इन सबको सस्पेंड करना चाहिए. तुम्हारी सबकी गैंग मिली हुई है. और कलेक्टर छुट्टी पर चला गया... अपराध को छुपा रहे हो. मौतों को दबा रहे हो.

आख़िर में जीतू पटवारी ने कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मनीष चौधरी को कहा, ''2 दिन बाद मैं आऊंगा, 10-20 हजार लोग इकट्ठा करो. यहां प्रदर्शन करेंगे... और फिर सभी नेता चल दिये...''

Advertisement

कलेक्टर कार्यालय में कांग्रेस नेताओं ने प्रभारी कलेक्टर दलीप कुमार और अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी को खूब खरी खोटी सुनाई.

उधर, जिला प्रशासन ने शुक्रवार रात जारी प्रेस नोट में मौतों से जुड़े दावों और आंकड़ों को भ्रामक बताया था.

वहीं, शनिवार दोपहर मृतकों के परिजन शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने और मौत होने का आरोप लगा रहे हैं.

एक तरफ प्रशासन के दावे हैं, तो दूसरी तरफ पीड़ित परिवारों के गंभीर आरोप. ऐसे में मामले की निष्पक्ष जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मौतों की वास्तविक वजह सामने आना बेहद जरूरी है.

देवास में 13 संदिग्ध मौतों का मामला अब प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »